देवरिया में मंगलवार रात करीब 10 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता सुभाष चौक पर धरने पर बैठ गए। दिल्ली में चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और उनकी रिहाई की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ता सुभाष चौक पर एकत्र हुए और दिल्ली में हुई कार्रवाई का विरोध किया। पार्टी नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं को प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया जाना लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने के अधिकार से जुड़ा मामला है। दिल्ली में विपक्षी दलों के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी देवरिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक पर धरना देकर केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की हिरासत का विरोध करते हुए उन्हें तत्काल रिहा करने की मांग की। दिल्ली में कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने की खबर के बाद स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देर रात विरोध जताया। ये नेता रहे मौजूद प्रदर्शन में पूर्व प्रत्याशी विजय शेखर मल्ल, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुकुंद भास्कर मणि त्रिपाठी, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मिर्जा खुर्शीद, पुरुषोत्तम नारायण सिंह, नागेंद्र शुक्ला, आनंद श्रीवास्तव सोनू, विजय शंकर मिश्रा, अभिनव तिवारी, धर्मेंद्र पांडेय, जुनैद हुसैन, यादव शाहनवाज अहमद और आशीष शुक्ला समेत कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को लंबे धरने के बाद पुलिस ने हिरासत में लिया। समाचार एजेंसियों के अनुसार, कार्रवाई के बाद उन्हें पुलिस वाहनों से ले जाया गया।

