बहराइच जिले के महसी तहसील क्षेत्र के छतरपुर दीवानपुरवा गांव में सार्वजनिक रास्ता बंद किए जाने के आरोप को लेकर भीम आर्मी के कार्यकर्ता पिछले चार दिनों से जिला मुख्यालय पर धरना दे रहे हैं। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे महसी एसडीएम राजेश अग्रवाल धरना स्थल पर पहुंचे तो प्रदर्शनकारियों और प्रशासन के बीच नोकझोंक हो गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभाला। 500 परिवारों का रास्ता रोकने का आरोप प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि गांव के एक दबंग व्यक्ति ने करीब 500 परिवारों के आवागमन का सार्वजनिक रास्ता बंद कर दिया है। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम के सामने अपनी शिकायत रखते हुए तत्काल रास्ता खुलवाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। समाधान नहीं होने पर धरना जारी रखने की चेतावनी भीम आर्मी के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश पासवान ने आरोप लगाया कि कमजोर वर्ग के परिवारों के आवागमन का रास्ता रोक दिया गया है। इससे ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रखा जाएगा। SDM बोले- जांच के लिए समय मांगा, आरोप गलत महसी एसडीएम राजेश अग्रवाल ने बताया कि वह प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने के लिए धरना स्थल पर पहुंचे थे। इस दौरान कुछ लोगों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए समय मांगा गया था, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे। एसडीएम ने सार्वजनिक रास्ता बंद किए जाने के आरोप को गलत बताया।

