गोंडा के कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र के बालपुर हजारी निवासी 35 वर्षीय लकड़ी व्यापारी और मुनीम राकेश शर्मा का शव बिहार के हाजीपुर में मिलने से हड़कंप मच गया। गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे परिजन शव लेकर घर पहुंचे। इसके करीब आधे घंटे बाद शाम 6 बजे कर्नलगंज कोतवाली पहुंचकर पत्नी मनीषा शर्मा ने हत्या की आशंका जताते हुए ठेकेदार समेत कई लोगों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 24 अगस्त को बिहार गया था राकेश परिजनों के मुताबिक, राकेश शर्मा 24 अगस्त को बिहार उधारी का पैसा लेने गए थे। इसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया और परिवार से संपर्क टूट गया। काफी देर तक बात नहीं होने पर परिजन उनकी तलाश में बिहार के हाजीपुर पहुंचे। पोस्टमार्टम हाउस में छोड़कर भागने का आरोप परिजनों ने हाजीपुर के एक अस्पताल में राकेश के बारे में पूछताछ की तो वहां उनका शव मिला। परिजनों का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने राकेश के शव को पोस्टमार्टम हाउस में छोड़ दिया था और इसके बाद फरार हो गया। बताया गया कि शव का पोस्टमार्टम भी नहीं हुआ था। परिजन निजी वाहन से शव लेकर गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे गोंडा पहुंचे। पत्नी ने ठेकेदार पर जबरन पटना भेजने का लगाया आरोप मृतक की पत्नी मनीषा शर्मा ने तहरीर में आरोप लगाया कि 24 अगस्त को ठेकेदार केसरी शुक्ला ने उनके पति को जबरदस्ती पटना भेजा था। उनके पति बिहार नहीं जाना चाहते थे। मनीषा के मुताबिक, बिहार जाने के बाद राकेश का मोबाइल बंद हो गया और उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका। रात में निकले परिजन, हाजीपुर में मिला शव मनीषा शर्मा ने बताया कि पति से संपर्क टूटने के बाद परिवार के लोग 25 अगस्त की रात करीब 11 बजे गोंडा से बिहार के लिए रवाना हुए। 26 अगस्त को हाजीपुर के अस्पताल पहुंचे, जहां राकेश का शव मिला। शव घर पहुंचने के बाद पत्नी मनीषा शर्मा और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ठेकेदार समेत 5 लोगों पर साजिश का आरोप पत्नी ने तहरीर में ठेकेदार केसरी शुक्ला को मुख्य रूप से जिम्मेदार ठहराते हुए राजेंद्र प्रसाद शर्मा, पप्पू तिवारी और दीपक सिंह समेत कई अन्य लोगों पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। लकड़ी व्यापार के साथ मुनीम का करता था काम बताया जा रहा है कि राकेश शर्मा लकड़ी का व्यापार करते थे। इसके साथ ही वह ठेकेदार केसरी शुक्ला के यहां मुनीम का काम भी करते थे। परिजनों का आरोप है कि इसी वजह से ठेकेदार ने दबाव बनाकर उन्हें बिहार भेजा था। पुलिस बोली- कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही कर्नलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि परिजनों ने तहरीर देकर आरोप लगाए हैं। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। आरोपियों से भी पूछताछ की जा रही है। मृतक और आरोप लगाए गए लोगों की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

