भास्कर संवाददाता| रायसेन अल्प वर्षा और प्रतिकूल मौसम से कृषि संकट झेल रहे रायसेन और विदिशा जिले के किसानों को राहत दिलाने के लिए भारतीय किसान संघ ने दोनों जिलों को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग उठाई है। भारतीय किसान संघ मध्य भारत प्रांत की रायसेन जिला इकाई ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री, विदिशा सांसद शिवराज सिंह चौहान के नाम जिले के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह पंवार को ज्ञापन सौंपा। इसमें शीघ्र राहत दिलाने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि इस वर्ष सामान्य से काफी कम बारिश हुई। इससे खरीफ की फसल को भारी नुकसान हुआ। किसान संघ के अनुसार वर्षा की कमी से करीब 80 प्रतिशत खरीफ फसल बर्बाद हो गई। आगामी रबी फसल पर भी असर पड़ने की आशंका है। बारिश की कमी से नदी-नाले, तालाब खाली पड़े हैं। हालात यह हैं कि रायसेन और विदिशा में हजारों हेक्टेयर क्षेत्र में किसानों को सोयाबीन और धान की फसल बखरना पड़ी है।

