रामगंगा पुल पर गड्ढे से हादसे का खतरा:दिन में वन लेन से ट्रैफिक, रात में मरम्मत; बरेली-बदायूं रोड पर भारी वाहनों का दबाव

रामगंगा पुल पर गड्ढे से हादसे का खतरा:दिन में वन लेन से ट्रैफिक, रात में मरम्मत; बरेली-बदायूं रोड पर भारी वाहनों का दबाव

बरेली-बदायूं रोड पर रामगंगा पुल में गड्ढा हो गया है। पुल से रोज गुजरने वाले वाहनों के बीच इससे हादसे का खतरा बना हुआ है। दिन में ट्रैफिक ज्यादा होने के कारण मरम्मत का काम रात में कराया जा रहा है। बदायूं, आगरा और मथुरा की ओर से आने वाले लोगों के लिए यह बरेली शहर में दाखिल होने का मुख्य रास्ता है। पुल पर भारी वाहनों के दबाव से सड़क की ऊपरी परत कई जगह उखड़ गई है। बीच में बने गड्ढे से दोपहिया वाहन चालकों को खतरा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कई बार बाइक सवार इस गड्ढे के कारण गिरते-गिरते बचे हैं। रात में तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के लिए भी गड्ढे में गिरने का खतरा रहता है। यह पुल बरेली को बदायूं, उझानी और दातागंज से जोड़ता है। यहां दिनभर ट्रक, बस, कार और छोटे वाहनों की आवाजाही रहती है। प्रशासन ने दिन में पुल पर वन लेन व्यवस्था लागू की है और रात में मरम्मत शुरू कराई है। निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पुल के एक हिस्से में सरिया बाहर निकल आया था। इसके बाद मरम्मत का फैसला लिया गया। दिन में काम करने पर लंबा जाम लग रहा था और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा था। जाम की सूचना मिलने पर एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने ट्रैफिक पुलिस की टीमों को मौके पर तैनात किया। उन्होंने बताया कि पुल पर वाहनों का दबाव ज्यादा होने के कारण रात में काम कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने मरम्मत जल्द पूरी करने और काम की गुणवत्ता का ध्यान रखने की मांग की है, ताकि पुल पर बार-बार गड्ढे न बनें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *