सिवनी कोतवाली थाना क्षेत्र के कटंगी नाका इलाके में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उसने एक युवती पर धोखा देने का आरोप लगाया और अपनी मौत के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया। घटना के बाद, सोमवार दोपहर परिजनों ने शव के साथ कोतवाली थाना पहुंचकर युवती और उसके परिवार के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की। विवाह के बाद युवती छोड़कर गई मृतक की पहचान कपिल भलावी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, कपिल का एक युवती से प्रेम संबंध था और दोनों ने गायत्री मंदिर में विवाह भी किया था। बाद में युवती उसे छोड़कर चली गई, जिससे कपिल तनाव में था। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। मौत से पहले कपिल ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में उसने युवती पर धोखा देने का आरोप लगाते हुए अपनी मौत के बाद भी उसे और उसके परिवार को लेकर गंभीर बातें कही थीं। एक अन्य वीडियो में भी उसने युवती के परिजनों पर आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। कपिल की मौत की जानकारी मिलने पर परिजन शव को वाहन में लेकर कोतवाली थाना पहुंचे और पुलिस के समक्ष युवती व उसके परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान एसडीओपी चंचलेश मरकाम और कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने परिजनों से चर्चा कर मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शव लेकर वापस लौट गए। पुलिस अब मृतक के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो, विवाह से संबंधित जानकारी और परिजनों के बयानों के आधार पर घटनाक्रम की जांच कर रही है। गायत्री मंदिर से किया था विवाह कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। परिजनों ने एक परिवार पर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक ने एक युवती से गायत्री मंदिर में विवाह किया था और बाद में युवती उससे अलग हो गई थी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

