मोहाली में NRI को रेप केस में फंसाने की धमकी:बोला-महिला ने बिजनेस के नाम पर ₹20 लाख ऐंठे, न फार्म दिखाया, न एग्रीमेंट हुआ

मोहाली में NRI को रेप केस में फंसाने की धमकी:बोला-महिला ने बिजनेस के नाम पर ₹20 लाख ऐंठे, न फार्म दिखाया, न एग्रीमेंट हुआ

मोहाली में पिग फार्म का बिजनेस शुरू करने के नाम पर महिला ने NRI युवक से करीब 20 लाख रुपए ठग लिए। आरोप है कि महिला और उसके परिवार ने बिजनेस में 50% हिस्सेदारी देने का भरोसा दिलाया, लेकिन न तो पिग फार्म दिखाया और न ही एग्रीमेंट बनवाया। पहले तो 10 लाख रुपए बैंक खातों में ट्रांसफर करवाए और फिर 10 लाख रुपए नकद लिए। जब पैसे वापस मांगे गए तो महिला ने रेप और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने के आरोप में फंसाने की धमकी दी। अब युवक ने महिला के खिलाफ विश्वासघात और धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है। दूसरी ओर, महिला ने भी युवक पर रेप और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगने के आरोप लगाए हैं। अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… नौकरी के दौरान हुई महिला से पहचान शिकायतकर्ता हरिंदरजीत सिंह (37) के मुताबिक, वह मोहाली का रहने वाला है और खेतीबाड़ी का काम करता है। 2017-18 में वह डेराबस्सी-बरवाला रोड स्थित GBP बिल्डर के यहां ड्राइवर की नौकरी करता था। उस दौरान आरोपी महिला बिल्डर के मालिकों के घर खाना बनाने और सफाई का काम करती थी, जबकि उसका भाई उसी दफ्तर में सिक्योरिटी गार्ड था। भाई के साथ काम करने के कारण हरिंदरजीत की महिला से जान-पहचान हुई। दोनों ने मोबाइल नंबर शेयर किए और बातचीत करने लगे। इटली जाने के बाद भी संपर्क रहा हरिंदरजीत ने बताया कि GBP बिल्डर की नौकरी छोड़ने के बाद उन्होंने जीरकपुर और चंडीगढ़ में भी काम किया। अक्टूबर 2022 में वह इटली चले गए। इस दौरान महिला से कभी-कभी फोन पर बात होती रही। उनके मुताबिक, 2023 में महिला ने उन्हें एक अनजान नंबर से फोन किया और बताया कि वह आर्मेनिया में है। बाद में उसने हरिंदरजीत से भारत लौटने की तारीख भी पूछी। भारत लौटने पर पिग फार्म बिजनेस शुरू करने का ऑफर हरिंदरजीत के अनुसार, वह जनवरी 2026 के आखिरी सप्ताह में इटली से भारत लौटे। इसके बाद डेराबस्सी-बरवाला रोड पर महिला, उसके भाइयों और पिता से मुलाकात हुई। इसी दौरान महिला ने उनके साथ मिलकर पिग फार्म खोलने का ऑफर रखा। तय हुआ कि निवेश हरिंदरजीत करेंगे और फार्म का काम महिला व उसका परिवार संभालेगा। मुनाफे में दोनों की 50-50% हिस्सेदारी तय हुई। हरिंदरजीत ने एग्रीमेंट बनाने को कहा, लेकिन महिला ने इसे बाद में बनवाने की बात कही। बैंक ट्रांसफर के साथ नकद रकम दी शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्होंने महिला की ओर से दिए गए बैंक खातों में अलग-अलग तारीखों पर करीब 10 लाख रुपए ट्रांसफर किए। इनमें भारत और इटली से भेजी गई रकम शामिल थी। इसके अलावा उन्होंने डेराबस्सी में महिला के परिवार की मौजूदगी में करीब 10 लाख रुपए नकद देने का दावा किया। उनके मुताबिक, अप्रैल 2026 में इटली लौटने से पहले भी उन्होंने कई बार फार्म के बारे में पूछा, लेकिन महिला उन्हें जल्द काम शुरू करने का भरोसा देती रही। व्हाट्सएप पर फार्म की PHOTOS भेजी हरिंदरजीत के मुताबिक, अप्रैल में इटली लौटने के बाद उन्होंने महिला से दोबारा पिग फार्म के बारे में पूछा। महिला ने उन्हें व्हाट्सएप पर फार्म की तस्वीरें भेजीं और यह जानकारी भी दी कि किस गांव से कितने पिग किस कीमत पर खरीदे गए हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि महिला के कहने पर उन्होंने अलग-अलग बैंक खातों में रकम भेजी। एग्रीमेंट के लिए बार-बार कहने पर महिला ने उन्हें 22 जून को भारत आने को कहा। साथ ही भरोसा दिया कि तब तक कुछ पिग बिक जाएंगे और बिक्री की रकम उन्हें दे दी जाएगी। हरिंदरजीत ने इस बातचीत की रिकॉर्डिंग होने का भी दावा किया है। लोकेशन पर पहुंचे, लेकिन फार्म नहीं मिला शिकायत के अनुसार, हरिंदरजीत 12 जून 2026 को भारत लौटे। उन्होंने महिला से पिग फार्म की लोकेशन मांगी, ताकि वहां किसी व्यक्ति को भेजकर जानकारी ले सकें। महिला ने लोकेशन भेज दी। अगले दिन 13 जून को हरिंदरजीत अपने ताया के बेटे जसमीत और बलजीत सिंह के साथ वहां पहुंचे। उनका आरोप है कि कई बार फोन करने के बावजूद महिला या उसके परिवार का कोई सदस्य वहां नहीं आया। शाम करीब 5 बजे तक इंतजार करने के बाद वे लौट गए। उसी दिन महिला ने उन्हें वॉयस मैसेज भेजा और रात में फोन कर अगले दिन फार्म दिखाने की बात कही। शिकायत करने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी हरिंदरजीत का दावा है कि अगले दिन वह जसमीत के साथ फिर उसी जगह पहुंचे, लेकिन महिला का फोन बंद था। बाद में व्हाट्सएप कॉल पर महिला ने शिकायत करने पर रेप और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगने के आरोप में फंसाने की बात कही। शिकायतकर्ता के अनुसार, 24 जून 2026 के बाद से उनकी महिला से कोई बातचीत नहीं हुई। NRI की शिकायत पर महिला पर धोखाधड़ी का केस हरिंदरजीत ने 15 जून 2026 को महिला और उसके परिवार के खिलाफ SSP मोहाली को ऑनलाइन शिकायत दी। उनके मुताबिक, इसकी जांच डेराबस्सी थाने में चल रही थी। इसके बाद 1 जुलाई को उन्हें जीरकपुर थाने से फोन आया कि महिला ने उनके खिलाफ भी शिकायत दी है। वह 2 जुलाई को थाने में पेश हुए और अपना पक्ष रखा। हरिंदरजीत ने महिला की ओर से लगाए गए रेप और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगने के आरोपों को झूठा बताया है। दावा है कि महिला जांच में शामिल नहीं हुई। अब हरिंदरजीत की शिकायत पर पुलिस ने महिला के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *