मैनपुरी के कुरावली तहसील क्षेत्र के नगला जमुनियां गांव में गाटा संख्या 426 की जमीन को लेकर विवाद हो गया है। नगला जमुनियां निवासी आकाश पुत्र अमर सिंह ने जिलाधिकारी को आवेदन देकर जमीन की पैमाइश कराने और कब्जा दिलाने की मांग की है। आकाश ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गुलशन पर दबंगई से जमीन पर कब्जा कराने और उनसे दो लाख रुपए मांगने का आरोप लगाया है। वहीं, प्रधान प्रतिनिधि गुलशन ने इन आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने आकाश पर ही गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाया है। आकाश ने जिलाधिकारी को दिए आवेदन में बताया कि उसकी जमीन गाटा संख्या 426 में है। आरोप है कि प्रधान प्रतिनिधि गुलशन अपनी दबंगई से विपक्षी ओमकार, राजकुमार, जितेंद्र, धर्मेंद्र और गोविंद से पैसे लेकर उस जमीन पर कब्जा कराने की कोशिश कर रहे हैं। आकाश का कहना है कि गुलशन ने उनसे भी दो लाख रुपए की मांग की। उन्होंने बताया कि उनके पास इस संबंध में वीडियो रिकॉर्डिंग भी है। आकाश ने यह भी बताया कि उनके पास रहने की पर्याप्त जगह नहीं है। उन्होंने प्रशासन से गाटा संख्या 426 की पैमाइश कराकर जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग की है। शिकायत देकर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही दूसरी ओर, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गुलशन ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया। उनका कहना है कि गांव में सीसी रोड का निर्माण चल रहा था। वह काम देखने मौके पर गए थे। तभी आकाश वहां आया और उनके साथ गाली-गलौज कर मारपीट करने लगा। गुलशन ने बताया कि घटना का सीसीटीवी फुटेज भी उनके पास है। प्रधान प्रतिनिधि का कहना है कि कुछ लोग ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे, जिसका उन्होंने विरोध किया। इसी बात पर दूसरा पक्ष विवाद और मारपीट पर उतर आया। आरोप है कि अब उनके खिलाफ शिकायत देकर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। गुलशन ने बताया कि उन्होंने भी थाने में शिकायत दी है।

