Soni Razdan On Asha Bhosle: बॉलीवुड अभिनेत्री सोनी राजदान ने दिग्गज गायिका आशा भोसले के साथ अपने खास रिश्ते को याद किया है। उन्होंने बताया कि जिंदगी के आखिरी कुछ वर्षों में अचानक दोनों के बीच एक अलग तरह का जुड़ाव बन गया था। सोनी राजदान को इस बात का अफसोस है कि यह रिश्ता ज्यादा आगे नहीं बढ़ सका और उन्हें आशा भोसले के साथ वक्त बिताने का ज्यादा मौका नहीं मिला।
दरअसल, सोनी राजदान ने यह बात फिल्म ‘ओम का हरि’ में आशा भोसले के आखिरी प्लेबैक सॉन्ग ‘ऐ मेरी जिंदगी, तू छिपी है कहां’ को लेकर बातचीत के दौरान कही। ‘न्यूज 18 शोशा’ के साथ खास बातचीत में सोनी राजदान ने आशा भोसले से जुड़ी कई यादें साझा कीं। इस दौरान उनके साथ रघुबीर यादव, आयशा कपूर और अंशुमान झा भी मौजूद थे।
अचानक बनी थी दोनों के बीच खास बॉन्डिंग
सोनी राजदान ने बताया कि आशा भोसले के साथ उनकी नजदीकी जिंदगी के आखिरी वर्षों में अचानक बढ़ी। इससे पहले भी दोनों एक-दूसरे को जानती थीं, लेकिन उस समय उनके बीच ऐसी कोई खास दोस्ती नहीं थी। सोनी के मुताबिक एक फिल्म में उन्होंने कई साल पहले आशा भोसले की आवाज में गाए एक गाने पर डांस किया था। इसके बावजूद उस दौर में दोनों के बीच कोई विशेष व्यक्तिगत जुड़ाव नहीं बना था।
बाद के वर्षों में एक मुलाकात के दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई और यहीं से उनके रिश्ते में एक अलग अपनापन महसूस होने लगा। सोनी ने कहा कि उन्हें खुद भी नहीं पता कि यह कनेक्शन अचानक कैसे और क्यों बना।
आशा भोसले फिर मिलना चाहती थीं
सोनी राजदान के मुताबिक, संभव है कि ‘ओम का हरि’ के गाने की रिकॉर्डिंग और उससे जुड़े फुटेज देखने के बाद आशा भोसले उनसे दोबारा मिलना चाहती थीं। उन्होंने बताया कि आशा भोसले की तरफ से उनसे मिलने की इच्छा भी जाहिर हुई थी, लेकिन दोनों अपनी-अपनी व्यस्तताओं में उलझ गईं।
सोनी ने बताया कि एक कॉमन फ्रेंड के जरिए भी दोनों की मुलाकात कराने की कोशिश की गई, लेकिन यह संभव नहीं हो सका। यही वजह है कि आज उन्हें इस बात का दुख है कि आशा भोसले के साथ बना वह रिश्ता आगे नहीं बढ़ पाया।
90 साल की उम्र में भी रिकॉर्ड किया गाना
सोनी राजदान ने आशा भोसले की सबसे खास बात उनके काम के प्रति समर्पण को बताया। उनके मुताबिक आशा भोसले उम्र को कभी अपने काम के रास्ते में नहीं आने देती थीं। वह लगातार अभ्यास करती रहीं, गाती रहीं और अपने संगीत से जुड़ी रहीं। ‘ओम का हरि’ के लिए आशा भोसले ने 90 साल की उम्र में गाना रिकॉर्ड किया था। सोनी ने कहा कि इतनी उम्र में भी वह खुद को सक्रिय रखती थीं और काम से पीछे हटने के बजाय कला के साथ अपना रिश्ता लगातार मजबूत बनाए रखती थीं।
12 अप्रैल को हुआ आशा भोसले का निधन
आशा भोसले का ये आखिरी प्लेबैक सॉन्ग 8 सितंबर को उनकी 93वीं जयंती के मौके पर रिलीज किया गया था। फिल्म ‘ओम का हरि’ का निर्देशन हरीश व्यास ने किया है, जिसमें रघुबीर यादव, सोनी राजदान, अंशुमान झा और आयशा कपूर प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म 18 सितंबर को रिलीज होने वाली है। आशा भोसले का 12 अप्रैल को मुंबई में 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। अगले दिन शिवाजी पार्क श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

