मेरठ के पल्लवपुरम फेज-वन स्थित AMB रेस्टोरेंट मे मिठाई के काउंटर में चूहा घुस गया। काउंटर में चूहा देखकर रेस्टोरेंट में मौजूद ग्राहकों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। कुछ ही देर में इसकी जानकारी अन्य ग्राहकों और रेस्टोरेंट के कर्मचारियों को भी हो गई। चूहे के मिठाई के काउंटर में घुसने की घटना के बाद ग्राहकों ने रेस्टोरेंट की साफ-सफाई और खाद्य सामग्री की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। ग्राहकों का कहना था कि मिठाई के काउंटर तक चूहे का पहुंचना स्वच्छता व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला है। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। वहीं वायरल वीडियो पर खाद्य विभाग के डीओ वेद प्रकाश मिश्र का कहना है कि वीडियो में दुकान का नाम दिख रहा है जिसके आधार पर टीम भेजकर जांच की जाएगी और उसी आधार पर विघिक कार्रवाई की जाएगी। सेहत के प्रति खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही दुकानदार से जब इस संबंध में बात की तो उन्होंने बताया कि वीडियो हमारे ही दुकान का है लेकिन तारीख स्पष्ट नहीं है। घटना के बाद रेस्टोरेंट में रखी मिठाइयों की स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ग्राहकों में चिंता देखने को मिली। फिलहाल घटना को लेकर किसी तरह की शिकायत या खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। जहां एक और त्योहार के सीजन और गणपति विसर्जन के चलते मिठाईयां खरीद रहे हैं ऐसे में इस प्रकार दुकान की मिठाईयों के ऊपर घूमते चुहें की वीडियों वायरल होने के बाद सेहत और स्वास्थ्य पर सवाल खड़े कर रही है।

