मिर्जापुर में विंध्याचल थाना पुलिस ने शनिवार को एक युवक को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इलाके में तमंचा लेकर धौंस जमाता था और खुद को माफिया मुख्तार अंसारी का रिश्तेदार बताता था। उसके कब्जे से 12 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। कार्रवाई के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। जौनपुर बस स्टैंड के पास से पकड़ा गिरफ्तार आरोपी की पहचान बरतर निवासी अफजल अली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध असलहे के साथ प्राइवेट जौनपुर बस स्टैंड के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और अफजल अली को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 12 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। अवैध असलहे से धौंस जमाने का पुलिस का दावा पुलिस का कहना है कि अफजल अली इलाके में तमंचा लेकर लोगों पर धौंस जमाता था। पुलिस के मुताबिक, वह खुद को मुख्तार अंसारी का रिश्तेदार भी बताता था। हालांकि, यह पुलिस का दावा है। अफजल के खिलाफ पहले से दो मुकदमे दर्ज होने की बात भी पुलिस ने बताई है। बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। अवनीश मिश्र के गेस्ट हाउस में करता था काम पुलिस के मुताबिक, अफजल अली सपा नेता और सभासद अवनीश मिश्र के गेस्ट हाउस में काम करता था। अवनीश मिश्र इस समय जेल में हैं। शनिवार को बलिया के सांसद सनातन पांडेय ने जेल में बंद अवनीश मिश्र से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद सांसद ने अवनीश मिश्र की गिरफ्तारी को राजनीतिक साजिश बताया था। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अफजल अली के खिलाफ कार्रवाई अवैध तमंचा और कारतूस बरामद होने के आधार पर की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

