महासमुंद जिले के ग्राम कुकराडीह में दीपावली की सफाई के दौरान करंट लगने से महिला पंच कालंद्री दीवान (35) की मौत हो गई। वह कंवर समाज के सामाजिक भवन की सफाई कर रही थीं। भवन की छत के पास से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से वह सीढ़ी से नीचे गिर गईं। ग्रामीण उन्हें अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली लाइन की ऊंचाई कम होने की शिकायत विभाग से कई बार की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सफाई के दौरान बिजली लाइन की चपेट में आईं जानकारी के मुताबिक, महासमुंद जिला मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर ग्राम कुकराडीह में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे भाग्यलक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह की 10 महिलाएं कंवर समाज के सामाजिक भवन की सफाई करने पहुंची थीं। इनमें वार्ड नंबर-3 की पंच कालंद्री दीवान भी शामिल थीं। महिलाएं दीपावली की तैयारी के लिए भवन की सफाई कर रही थीं। इसी दौरान कालंद्री दीवान ऊपरी दीवार की सफाई करने के लिए लोहे की सीढ़ी लगाकर चढ़ीं। तभी वह भवन की छत के पास से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गईं। तेज करंट लगने से वह सीढ़ी से नीचे गिर गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण उन्हें निजी वाहन से महासमुंद अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पूर्व सरपंच बोले- कई बार शिकायत की, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई गांव के पूर्व सरपंच जीवनलाल साहू ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि भवन के पास से गुजर रही बिजली लाइन की ऊंचाई कम होने की जानकारी विभाग के अधिकारियों को पहले ही दी गई थी। इस संबंध में कई बार मौखिक और लिखित शिकायत भी की गई, लेकिन लाइन को सुरक्षित ऊंचाई पर करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि अगर विभाग ने शिकायतों पर समय रहते ध्यान दिया होता तो यह हादसा टाला जा सकता था। राशन दुकान का सामान सामाजिक भवन में रखा जाता था बताया गया कि भाग्यलक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह सरकारी राशन दुकान का संचालन करता है। राशन दुकान तक बड़े वाहन नहीं पहुंच पाने के कारण पीडीएस का राशन कंवर समाज के सामाजिक भवन में रखा जाता था। भवन का इस्तेमाल करने के बदले समाज की ओर से समूह की महिलाओं को दीपावली से पहले भवन की सफाई और पोताई करने के लिए कहा गया था। इसी के चलते महिलाएं सोमवार सुबह भवन की सफाई करने पहुंची थीं। दो छोटे बच्चों के सिर से उठा मां का साया कालंद्री दीवान की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। उनके परिवार में पांच साल की बेटी और तीन साल का बेटा है। हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है। उनका कहना है कि पहले की शिकायतों पर कार्रवाई होती तो एक परिवार को अपना सहारा नहीं खोना पड़ता। तुमगांव पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

