मथुरा के वृंदावन में भीड़ ने एक युवक को जेबकटी के शक में पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। बांके बिहारी मंदिर से करीब 200 मीटर दूर हुई इस घटना में भीड़ में शामिल कुछ लोग युवक की बेरहमी से पिटाई करते दिखाई दिए। इस मामले का वीडियो बुधवार देर शाम सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसमें एक हेलमेट लगाए एक व्यक्ति प्लास से युवक पर वार करता दिखाई दे रहा है। जबकि युवक हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए छोड़ने की गुहार लगा रहा है। हरि निकुंज चौराहा के पास की घटना वृंदावन कोतवाली इलाके की बांके बिहारी पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित हरि निकुंज चौराहा के पास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो मंगलवार शाम का बताया जा रहा है। इस वीडियो में भीड़ एक युवक को पकड़े हुए दिखाई दे रही है। इस भीड़ में से कुछ लोग पकड़े गए युवक को इधर उधर खींच रहे हैं। जबकि एक व्यक्ति युवक की पिटाई कर रहा है। भीड़ में मौजूद कुछ लोग उसे पुलिस को सौंपने के लिए भी कहते हैं। हाथ में प्लास और पानी मांगने पर अपशब्दों का किया प्रयोग बुधवार देर शाम वायरल हुए वीडियो में एक व्यक्ति हेलमेट लगा हुआ दिखाई देता है। उसके हाथ में प्लास है,वह कभी उसे थप्पड़ मारता है तो कभी उस पर प्लास से बार करता है। इस दौरान युवक पानी मांगता है तो उससे अपशब्दों का प्रयोग किया जाता है। हेलमेट लगाए हुए व्यक्ति कहता है इसने मेरा पर्स गायब किया जबकि युवक कहता है कि उसे जमीन पर पड़ा हुआ मिला। इस दौरान हेलमेट लगाए हुए व्यक्ति प्लास से युवक के कान खींचता है और फिर उस पर प्लास मारता है। कुछ लोग बचा रहे थे तो कुछ देख रहे थे तमाशा हरि निकुंज चौराहा के पास हुई इस घटना में मौके पर लोगों की भीड़ नजर आ रही है। इस भीड़ में कुछ लोग कहते हैं पुलिस को बुलाओ इसे पुलिस को सौंप दो। वहीं कुछ लोग उसे बचाने का भी प्रयास करते हैं। भीड़ में से आवाज आती है प्लास से इसके कान मत खींचो मर जाएगा। वहीं भीड़ में मौजूद अधिकांश लोग तमाशा देख रहे थे,तो कुछ लोग वीडियो बनाते हुए नजर आए। इसी दौरान पिटने वाला युवक हाथ जोड़कर कहता है गलती हो गई माफ कर दो। वीडियो की जांच में जुटी पुलिस युवक के साथ भीड़ द्वारा की गई इस मारपीट के वायरल हो रहे वीडियो के बारे में सीओ वृंदावन संदीप कुमार ने बताया कि अभी मामला संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा कोई वीडियो है तो जांच की जाएगी,इस मामले में जो वैधानिक कार्यवाही होगी वह की जाएगी। लेकिन जिस जगह मारपीट हुई वहां पुलिस तैनात रहती है। मौके पर भीड़ है लेकिन किसी ने पुलिस को बुलाने की बजाय खुद ही कानून हाथ में ले लिया।

