भैंस, बकरियां, घोड़ी, गेहूं और गहने… राजगढ़ में दुष्कर्म आरोपी के घर पीड़ित पक्ष ने की लूट, पिता को भी उठा ले गए

भैंस, बकरियां, घोड़ी, गेहूं और गहने… राजगढ़ में दुष्कर्म आरोपी के घर पीड़ित पक्ष ने की लूट, पिता को भी उठा ले गए

Rajgarh News : मध्य प्रदेश के राजगढ़ में दुष्कर्म के एक मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद विवाद इस कदर बढ़ा कि, मामला डकैती, अपहरण और बलवे तक पहुंच गया। जिला मुख्यालय से लगे कालीपीठ थाना इलाके के एक गांव में दुष्कर्म पीड़ित के परिजन और रिश्तेदार आरोपी के घर जा पहुंचे। यहां उन्होंने न सिर्फ घर में तोड़फोड़ की, बल्कि घर का सामान और जानवर तक ले गए।

घर में की गई लूट में परिवार की महिलाओं के कान से सोने की बालियां, चांदी के कड़े, करदौना, घर में रखा गेहूं और घरेलू सामान ही नहीं, बल्ब तक निकाल लिए। पीड़िता के परिजन यही नहीं रुके। उन्होंने घर में बंधी भैंस, भेड़-बकरियां और घोड़ी भी ले गए। यहां तक की आरोपी के पिता को भी अपने साथ ले गए और उनके साथ जमकर मारपीट की है।

पुलिस ने दर्ज किया केस

घटना के बाद पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ डकैती, अपहरण, बलवा समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। वहीं, उनमें से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया गया है। घटना 23 अक्टूबर की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, सुबह 8 से 11 बजे के बीच आरोपी घर में घुसे और मारपीट के साथ तोड़फोड़ की है।

दुष्कर्म के आरोपी के पिता का अपहरण कर मारपीट

बताया जा रहा है कि, वारदात के दौरान दुष्कर्म के आरोपी युवक के पिता को भी अपने साथ ले गए और उनके साथ मारपीट की। घर में तोड़फोड़ के दौरान परिवार के अन्य सदस्यों और महिलाओं ने इधर-उधर छिपकर जान बचाई। कुछ लोगों ने आसपास रहने वाले अपने रिश्तेदारों के घरों में छिपकर अपनी जान बचाई। इसके बाद फरियादी पक्ष थाने पहुंचा और पुलिस को अपनी व्यथा बताते हुए मदद मांगी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

घर में तोड़फोड़, मवेशी से लेकर बल्ब तक लूट ले गए

वारदात के दौरान घर में जमकर तोड़फोड़ की गई। घर में रखा गेहूं और घरेलू सामान ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर ले गए। सोने की बालियां, चांदी के कड़े, करदौना और अन्य सामान के साथ भैंस, भेड़-बकरियां और घोड़ी भी ले गए। यहां तक की आरोपियों ने घर मे लगे बल्ब तक निकाल लिए। घटना के बाद परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ घर में हुई तोड़फोड़ का सामना करना पड़ा है। पुलिस ने कुछ पशु बरामद कर लिए हैं,​ जिनमें भैंस, बकरियां और घोड़ी शामिल है। साथ ही, अन्य सामान भी पुलिस लाने में जुटी हुई है।

आरोपी बोले- तूने हमें बदनाम किया, अब यहां रहने भी नहीं देंगे

आपको बता दें कि, कुछ दिन पहले ही इसी परिवार के एक सदस्य पर दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया था। इसके बाद पीड़िता के परिजन की ओर से परिवार को बदनाम करने और गांव में नहीं रहने देने की धमकी दिए जाने की बात सामने आई। इसके बाद अब इ, मामले में पीड़िता के घर वालों ने आरोपी के घर में घुसकर तोड़फोड़, लूटपाट और अपहरण की वारदात को अंजाम दिया है। कालीपीठ पुलिस के अनुसार फिलहाल, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *