भारत को रूस के साथ बेहतर व्यापारिक समझौते करने चाहिए:फिरोजाबाद सांसद बोले- जब भाजपा का ग्राफ गिरता है, तो मुद्दा भटकाती है

भारत को रूस के साथ बेहतर व्यापारिक समझौते करने चाहिए:फिरोजाबाद सांसद बोले- जब भाजपा का ग्राफ गिरता है, तो मुद्दा भटकाती है

फिरोजाबाद में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक गुरुवार शाम 4 बजे कलक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें समाजवादी पार्टी के सांसद अक्षय यादव शामिल हुए। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसे सुनिश्चित करना बहुत जरूरी है। सांसद अक्षय यादव ने महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। मंत्री ने यूपी और बिहार में बेरोजगारी के लिए कांग्रेस, सपा और बसपा को जिम्मेदार ठहराया था। इस पर अक्षय यादव ने कहा कि चुनाव पास आते ही भाजपा विपक्ष को बदनाम करने और जनता को गुमराह करने के लिए ऐसे बयान देती है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि देश सभी का है। हर नागरिक को देश में कहीं भी रहने और रोजगार करने का अधिकार है। राबड़ी देवी, लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोप तय होने के सवाल पर अक्षय यादव ने कहा कि अदालत का जो भी फैसला आएगा, उसे देखा जाएगा। ब्रिक्स सम्मेलन और रूस के साथ भारत के संबंधों पर सांसद ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि रूस भारत का अच्छा दोस्त रहा है। दोनों देशों के बीच दोस्ती और मजबूत होनी चाहिए।
अक्षय यादव ने कहा कि भारत को रूस के साथ बेहतर व्यापारिक समझौते करने चाहिए। ब्रिक्स सम्मेलन में ऐसी डील होनी चाहिए, जिससे देश को वास्तविक लाभ मिले। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी ब्रिक्स सम्मेलन का समर्थन करती है, क्योंकि यह देशहित से जुड़ा विषय है। वहीं, प्रधानमंत्री को लेकर पी. चिदंबरम की टिप्पणी के सवाल पर सांसद ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब भाजपा का ग्राफ गिरता है, तो वह जनता का ध्यान भटकाने के लिए नए मुद्दे खड़े करती है। युवाओं और जनता के सवालों से ध्यान हटाने के लिए ऐसी राजनीति की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *