प्रेम की पराकाष्ठा वह है, जहां हर भक्त स्वयं को गोपी और भगवान श्रीकृष्ण को अपना प्रियतम मानने लगे। रास केवल नृत्य नहीं, बल्कि भगवान और भक्त के बीच प्रेम का ऐसा संबंध है, जिसमें भगवान भी भक्त के भावों में रम जाते हैं। शरद पूर्णिमा की रात चंद्रमा की रोशनी में हुए रास का वर्णन करते हुए कथा वाचक इन्द्रेश उपाध्याय महाराज ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि भगवान पृथ्वी पर केवल राक्षसों का वध करने नहीं, बल्कि अपने भक्तों के प्रेम का अनुभव करने भी आते हैं। इंदौर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में महाराज ने रास प्रसंग के माध्यम से प्रेम, समर्पण और भक्ति के अलग-अलग भावों को समझाया। उन्होंने कहा कि भगवान के प्रति सच्चे प्रेम में तर्क और शर्तों की जगह भाव का महत्व होता है। मीरा का गिरधर के प्रति समर्पण, शबरी की राम के लिए प्रतीक्षा और गोपियों का कृष्ण के प्रति अनुराग इसी प्रेम के उदाहरण हैं। प्रेम के आगे भगवान भी भक्त के भावों में रम जाते हैं महाराज ने कहा कि भगवान को वैकुंठ में सभी सुख-सुविधाएं उपलब्ध हैं, लेकिन भक्त जिस आत्मीयता से उन्हें अपने पास बुलाते हैं, उस प्रेम का अनुभव करने के लिए वे पृथ्वी पर आते हैं। उन्होंने अकबर-बीरबल के प्रसंग के जरिए समझाया कि जैसे अपने बच्चे को संकट में देखकर पिता स्वयं उसे बचाने दौड़ता है, वैसे ही भगवान भी भक्त की पुकार पर उसकी सहायता के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि रास का भाव तभी समझा जा सकता है, जब भक्त अपने अहंकार और सांसारिक अपेक्षाओं से ऊपर उठकर भगवान के प्रति समर्पित हो। रास में प्रेम की अनुभूति और भगवान के प्रति पूर्ण अनुराग ही सबसे महत्वपूर्ण है। भागवत कथा केवल सुनना नहीं, उसके भाव को आत्मसात करना है इन्द्रेश उपाध्याय ने श्रीमद्भागवत को वेद रूपी कल्पवृक्ष का पका हुआ फल बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह फल में पूरे वृक्ष का रस समाया होता है, उसी तरह भागवत में वेदों और शास्त्रों का सार समाहित है। महाराज ने श्रद्धालुओं से कहा कि कथा सुनने का अर्थ केवल शब्दों को कानों से सुन लेना नहीं, बल्कि उसके भाव को अपने जीवन में उतारना है। कथा के दौरान शांत रहकर ध्यानपूर्वक सुनना चाहिए। यह समय आपस में बातचीत करने या जवाब देने का नहीं, बल्कि कथा के रस का अनुभव करने का है। उन्होंने कहा कि कथा समाप्त होने के बाद भी उसके प्रति श्रद्धा और भक्ति का भाव बना रहना चाहिए। चार विशेष रातों में जागरण का महत्व बताया शरद पूर्णिमा के प्रसंग में महाराज ने वैष्णव परंपरा में शरद पूर्णिमा, जन्माष्टमी, दीपावली और उठान एकादशी की रात जागरण के महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इन अवसरों पर भजन, कीर्तन, नृत्य और भगवान को भोग अर्पित करते हुए समय बिताने की परंपरा है। उन्होंने दीपावली पर ठाकुरजी को दुकान में विराजमान करने की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भक्त और भगवान के बीच सहज और आत्मीय संबंध का प्रतीक है। शरद पूर्णिमा की चांदनी में हुए रास के आनंद का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि उस अनुभूति को शब्दों में पूरी तरह व्यक्त करना कठिन है। मीरा ने कठिनाइयों में भी नहीं छोड़ा गिरधर का साथ मीराबाई के जीवन प्रसंग के माध्यम से महाराज ने प्रेम में समर्पण और विरह की भावना समझाई। उन्होंने कहा कि मीरा ने जीवन में अनेक कठिनाइयां सहीं, लेकिन गिरधर के प्रति अपनी भक्ति से कभी पीछे नहीं हटीं। उनके लिए सांसारिक सुख-सुविधाओं से अधिक महत्वपूर्ण भगवान का साथ था। महाराज ने कहा कि सच्चे प्रेम में अपनी शर्तें नहीं होतीं। मिलन हो या विरह, सुख मिले या कष्ट, भक्त हर परिस्थिति में अपने प्रेम को बनाए रखता है। प्रेम का कोई निश्चित कारण या पैमाना नहीं होता। जहां हर बात का तर्क और हिसाब मांगा जाए, वहां प्रेम के बजाय आकर्षण या मोह हो सकता है।

