पंडेर थाना क्षेत्र के लुहारी खुर्द गांव में सोमवार दोपहर एक के बाद एक करीब 9 ‘108 एंबुलेंस’ गाड़ियां आ पहुंचीं। गांव में अचानक इतनी गाड़ियों को देखकर ग्रामीण भी हैरान रह गए। हालांकि, मौके पर किसी भी तरह का लड़ाई-झगड़ा नहीं हुआ था। असामाजिक तत्वों ने झूठी अफवाह फैलाकर एम्बुलेंस बुलाई थी। एंबुलेंस ड्राइवर राधेश्याम ने बताया- उन्हें कंट्रोल सेंटर से संबंधित लोकेशन पर तुरंत पहुंचने के निर्देश मिले थे। लेकिन जब वे गांव पहुंचे और ग्रामीणों से बात की, तब पता चला कि वहां शांति है और किसी ने झूठी सूचना देकर 108 सेवा का दुरुपयोग किया है। कंट्रोल सेंटर के ट्रैकिंग सिस्टम के जरिए झूठी कॉल करने वाले अज्ञात नंबर को ट्रेस किया जा रहा है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। एंबुलेंस ड्राइवरों ने अपील की है कि आपातकालीन व जरूरी सेवाओं के साथ इस तरह का मजाक न करें।

