मथुरा में गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की नौवीं बोर्ड बैठक हुई। बैठक में ब्रज क्षेत्र के विकास, धार्मिक विरासत के संरक्षण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में तय हुआ कि ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा का काम अगले तीन साल में तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। इसके अलावा मथुरा-वृंदावन रेल मार्ग के साथ सुगम यातायात के लिए सड़क मार्ग विकसित करने की योजना पर भी सहमति बनी। 200 धरोहरों के संरक्षण के लिए ‘तीर्थ मित्र’ योजना ब्रज की पुरानी और महत्वपूर्ण धरोहरों को बचाने के लिए संस्कृति विभाग की ‘स्मारक मित्र’ योजना की तर्ज पर अब ‘तीर्थ मित्र’ योजना शुरू की जाएगी। इसके तहत ब्रज क्षेत्र की उच्च विरासत वाली 200 चिह्नित जीर्ण-शीर्ण धरोहरों और स्मारकों का व्यवस्थित संरक्षण किया जाएगा। सीएम योगी ने प्राचीन पांडुलिपियों, ज्ञान और साहित्य को भी सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। बैठक में हार्टफुलनेस फाउंडेशन, हैदराबाद की ओर से सीएसआर के तहत विकास कार्य कराने और गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए 10 गोल्फ कार्ट दान करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। वृंदावन में नए सिटी बस मार्ग पर ऐसे ही वाहनों को चलाने की मंजूरी देने के निर्देश दिए गए, जो स्थानीय सड़कों और मार्गों के अनुकूल हों। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह बनेंगे होल्डिंग एरिया मथुरा-वृंदावन में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अलग-अलग स्थानों पर होल्डिंग एरिया बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पीपीपी या रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल पर मल्टीलेवल पार्किंग विकसित करने को कहा गया। इन पार्किंग स्थलों में डॉरमेट्री, कैफे और फूड कोर्ट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की योजना है। सीएम ने कहा कि बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी मिलने के बाद उनकी लगातार मॉनिटरिंग होनी चाहिए। पुराने कामों में तेजी लाकर उन्हें समय से पूरा किया जाए और जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। परिक्रमा मार्ग पर फिसलन और पत्थरों से मिलेगी राहत वृंदावन परिक्रमा मार्ग को श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण में ऐसे पत्थर और मिट्टी का इस्तेमाल किया जाए, जो बारिश में फिसलन पैदा न करें और पैदल चलने वालों के पैरों में न चुभें। मथुरा में लंबे समय से चली आ रही खारे पानी की समस्या के समाधान के लिए जल संरक्षण पर जोर दिया गया। भूजल स्तर बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक तालाब बनाने और रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। जन्माष्टमी पर बढ़ेगी पुलिस पेट्रोलिंग, दो शिफ्ट में होगी सफाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) पर कर्मचारियों की लगातार मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा। बारिश के मौसम को देखते हुए भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर सीएम ने दो शिफ्ट में सफाई कराने, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन मजबूत करने और कूड़े का प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। सीएसआर से भी होंगे विकास कार्य बैठक में हार्टफुलनेस फाउंडेशन, हैदराबाद की ओर से सीएसआर के तहत ब्रज क्षेत्र में विकास कार्य कराने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। संस्था की ओर से गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए 10 गोल्फ कार्ट उपलब्ध कराने की बात भी रखी गई। ये रहे मौजूद बैठक में गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार बेसिक शिक्षा संदीप सिंह, राज्यसभा सदस्य तेजवीर सिंह, विधायक पूरन प्रकाश, मेघश्याम सिंह और राजेश चौधरी, एमएलसी योगेश नौहवार, ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव पर्यटन अमृत अभिजात, प्रमुख सचिव लोक निर्माण अजय चौहान आदि मौजूद रहे।

