बिहार में फिर उठी चिराग पासवान को CM बनाने की मांग, राजू तिवारी बोले- आगामी चुनाव में LJPR बनाएगी सरकार

बिहार में फिर उठी चिराग पासवान को CM बनाने की मांग, राजू तिवारी बोले- आगामी चुनाव में LJPR बनाएगी सरकार

Chirag Paswan News: बिहार की राजनीति में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की मांग एक बार फिर सामने आई है। लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय महासचिव राजू तिवारी ने पार्टी के कार्यक्रम में कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में लोजपा रामविलास अपने दम पर सरकार बनाएगी और चिराग पासवान बिहार के मुख्यमंत्री होंगे। 

Chirag Paswan: बिहार की राजनीति में केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की मांग एक बार फिर सामने आई है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राजू तिवारी ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी अपने दम पर सरकार बनाएगी और चिराग पासवान राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। जिस वक्त चिराग पासवान को अगला सीएम बनाने की बात कही जा रही थी, वो खुद भी मंच पर मौजूद थे।

अपने दम पर सरकार बनाएंगे, चिराग संभालेंगे बिहार की कमान : राजू तिवारी

पटना के 1-व्हीलर रोड स्थित प्रदेश कार्यालय में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक के पदभार ग्रहण एवं अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए राजू तिवारी ने कहा कि लोजपा (रा) का हर कार्यकर्ता यह संकल्प ले कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी पूरी ताकत से लड़ेगी और अपने दम पर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ही बिहार की कमान संभालेंगे और राज्य का नेतृत्व करेंगे। राजू तिवारी के इस बयान के बाद पूरा सभागार चिराग पासवान के समर्थन में नारों और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

चिराग ने पार्टी की नीतियों को जनता तक ले जाने का किया आग्रह

यह कार्यक्रम पार्टी के नवनियुक्त बिहार प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक और राज्य से जुड़े राष्ट्रीय पदाधिकारियों के स्वागत और पदभार ग्रहण के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद रहें।

इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान भी मौजूद थे और उन्होंने मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया और कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों को आम जनता तक ले जाने का आग्रह किया।

पहले भी कई बार उठ चुकी है मांग

यह पहली बार नहीं है जब चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठी है। इससे पहले भी LJP (राम विलास) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कई राजनीतिक रैलियों, संगठनात्मक बैठकों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में उन्हें बिहार के भावी मुख्यमंत्री के तौर पर पेश किया है। पार्टी के सदस्य लंबे समय से चिराग पासवान को मुख्यमंत्री पद के लिए एक स्वाभाविक और मजबूत उम्मीदवार मानते रहे हैं और पार्टी के मंचों पर अक्सर यह बात कही जाती रही है।

  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *