बालाघाट जिले में शुक्रवार शाम करीब 4 बजे लालबर्रा-सिवनी मार्ग पर मजार के पास कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार करण राऊत (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। रिश्तेदारों को लेकर लौट रहे थे कार सवार जानकारी के मुताबिक, बघोली पंचायत के पूर्व सरपंच के बेटे मुशर्रफ पटेल कार से रिश्तेदारों को लेने लालबर्रा आए थे। दो रिश्तेदारों को लेकर वे बघोली लौट रहे थे। इसी दौरान बरघाट की ओर से आ रही बाइक उनकी कार से टकरा गई। लालबर्रा के खमरिया पांडेवाड़ा निवासी करण बरघाट से लालबर्रा की ओर जा रहे थे। टक्कर के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे में कार और बाइक दोनों क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि कार में सवार तीनों लोग सुरक्षित रहे। प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल भेजा सूचना मिलने पर डायल 112 की मदद से करण को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालबर्रा पहुंचाया गया। यहां बीएमओ डॉ. ऋतु धुर्वे ने उनका प्राथमिक इलाज किया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

