बलिया में डस्टबिन नहीं रखी तो लगेगा जुर्माना:DM ने दुकानदारों को दी चेतावनी, बच्चों के साथ निकाली रैली

बलिया में डस्टबिन नहीं रखी तो लगेगा जुर्माना:DM ने दुकानदारों को दी चेतावनी, बच्चों के साथ निकाली रैली

बलिया को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने के लिए सोमवार सुबह करीब 11 बजे स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के अलग-अलग रास्तों से होते हुए दोपहर करीब 1 बजे शहीद स्मारक चौक पर खत्म हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि रैली का मकसद लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने दुकानदारों से अपनी दुकानों के सामने डस्टबिन रखने और दुकान का कूड़ा सड़क पर फेंकने के बजाय उसमें डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य पूरे बलिया को स्वच्छ और ग्रीन सिटी बनाना है। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता अभियान के तहत शहर में जांच के दौरान जिन दुकानदारों के पास डस्टबिन नहीं मिलेगा या जो गंदगी फैलाते पाए जाएंगे, उन पर जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों से आज से ही डस्टबिन रखने और सफाई बनाए रखने में सहयोग करने को कहा। उन्होंने कहा कि बलिया को स्वच्छ, सुंदर और हरित शहर बनाने के लिए प्रशासन के साथ आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। रैली में माय भारत, एनसीसी और एनएसएस के सदस्य शामिल हुए। इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *