उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही समान नागरिक संहिता (UCC) लागू होने वाली है। उनके मुताबिक, UCC किसी धर्म के खिलाफ नहीं है। इससे सभी के लिए समान कानून की व्यवस्था होगी। विपक्ष के विरोध पर धर्मपाल सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव और असदुद्दीन ओवैसी जैसे नेता हिंदू-मुस्लिम के बीच अंतर बनाए रखना चाहते हैं। उनका कहना है कि UCC लागू होने से वोटबैंक की राजनीति प्रभावित होगी, इसलिए इसका विरोध किया जा रहा है। 2027 में भाजपा की सरकार बनने का दावा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा बूथ स्तर तक तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास और कानून-व्यवस्था पर काम हुआ है। उन्होंने 2027 में भाजपा की दोबारा सरकार बनने का दावा किया। धर्मपाल सिंह ने यूपी में पिछले 10 साल के बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि सुरक्षा, कनेक्टिविटी और बिजली के क्षेत्र में सुधार हुआ है। उनके मुताबिक, कानून-व्यवस्था बेहतर होने से निवेशक यूपी आ रहे हैं। बरेली में ब्राजील के साथ समझौते का जिक्र मंत्री ने पशुधन विभाग के कामों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि बरेली में भ्रूण प्रत्यारोपण का सफल कार्यक्रम हुआ है और ब्राजील के साथ समझौता किया गया है। ब्राजील के वैज्ञानिक नस्ल सुधार पर काम करेंगे। उनका दावा है कि इससे देसी गायों का दूध उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी। प्रयागराज हत्या पर बोले- अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा प्रयागराज में सपा नेता की हत्या के सवाल पर धर्मपाल सिंह ने कहा कि किसी की भी हत्या गंभीर और दुखद घटना है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत रंजिश में होने वाली घटनाओं के आधार पर पूरी कानून-व्यवस्था पर सवाल नहीं उठाया जाना चाहिए। अपराधी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। बुलडोजर कार्रवाई को लेकर धर्मपाल सिंह ने कहा कि यह बदले की भावना से नहीं होती। उनके मुताबिक, सरकारी और सार्वजनिक जमीन पर कब्जा करने वाले भू-माफिया और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य आम जनता को परेशान करना नहीं है। अपराधियों में कानून का डर एनकाउंटर के सवाल पर मंत्री ने कहा कि कार्रवाई दुर्दांत अपराधियों के खिलाफ होती है। उनका दावा है कि इसका असर अपराधियों में कानून का डर बढ़ने के रूप में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ अपराधी खुद थानों में पहुंचकर आत्मसमर्पण कर रहे हैं। 7,500 गौशालाओं में 14 लाख गोवंश छुट्टा पशुओं के मुद्दे पर धर्मपाल सिंह ने बताया कि प्रदेश में करीब 7,500 गौशालाएं संचालित हैं। इनमें करीब 14 लाख गोवंश संरक्षित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निराश्रित गोवंश का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। मंत्री ने बताया कि सरकार नस्ल सुधार पर भी काम कर रही है। साहीवाल, गिर, हरियाणवी और थारपारकर जैसी नस्लों का सीमेन किसानों को 100 रुपए में उपलब्ध कराया जा रहा है। उनके अनुसार, इससे बेहतर नस्ल की बछिया पैदा होने की संभावना बढ़ती है। उन्होंने ‘नंदिनी कृषक समृद्धि योजना’ का भी जिक्र किया। इसके तहत किसानों को बेहतर नस्ल की गाय खरीदने और गौशाला स्थापित करने के लिए अनुदान दिए जाने की बात कही। मंत्री के मुताबिक, योजना में 50% तक अनुदान का प्रावधान है।

