बठिंडा के प्रताप नगर में भाई के साथ हुए विवाद के बाद एक महिला पर तेजधार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में महिला के हाथ पर दो जगह कट लगे, जबकि पैर पर भी गंभीर चोट आई। परिजनों ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। पीड़िता का आरोप है कि घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की और आरोपी खुलेआम घूम रहा है। उधर, पुलिस का कहना है कि महिला के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। डॉक्टर की राय लेने के बाद केस दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी। भाई से कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद, महिला पर किए वार
पीड़ित आरती बाला के मुताबिक बीती 23 अक्टूबर की रात उसके भाई की पड़ोस में रहने वाले करीब 20 वर्षीय युवक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि युवक ने उसके भाई को थप्पड़ मार दिया। भाई को बचाने पहुंची आरती के साथ भी विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया।
आरती ने बताया कि घटना के कुछ देर बाद वह गली में अन्य महिलाओं के साथ बैठी थी। करीब 15 से 20 मिनट बाद आरोपी कथित तौर पर तेजधार हथियार लेकर वहां पहुंचा और उस पर हमला कर दिया। महिला के अनुसार, युवक ने उसके सिर पर वार करने की कोशिश की तो उसने बचाव में हाथ आगे कर दिया। इससे उसके हाथ पर कट लग गया। पीड़िता का आरोप है कि हमलावर ने उस पर लगातार तीन वार किए और मौके से फरार हो गया। इसके बाद उसकी बेटी और आसपास के लोगों ने उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर की राय के बाद दर्ज करेंगे केस: पुलिस
पीड़िता के अनुसार थाना कैनाल कालोनी के एएसआई गुरमीत सिंह ने अस्पताल में उसके बयान दर्ज किए थे। इसके बावजूद पांच दिन बीतने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं हुई। महिला का कहना है कि वह दो बार थाने जाकर पुलिस से कार्रवाई की मांग कर चुकी है।
इस मामले में एएसआई गुरमीत सिंह ने बताया कि महिला के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और उसे एक दिन पहले ही अस्पताल से छुट्टी मिली है। उनके मुताबिक, डॉक्टर की रिपोर्ट में ब्लंट चोटें दर्ज हैं। डॉक्टर की राय लेने के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी और आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

