पंचकूला में दिवाली की सफाई के दौरान 12 तोले सोने और हीरे की ज्वेलरी चोरी करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 20 लाख रुपए के जेवर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने जब गिरफ्तार युवक से पूछताछ की तो उसने चोरी का कारण बताया। उसने कहा कि इंटरकास्ट मैरिज के बाद पिता ने उसे घर से बाहर निकाल दिया था। युवक ने बताया कि परिवार से अलग रहने के कारण वो घर खर्च भी मुश्किल से चला रहा था। जब पत्नी की डिलीवरी की बात आई तो उसके लिए पैसे नहीं थे। इसके बाद ही उसने चोरी करने की सोची। हालांकि, एक गलती करने के चलते उसे पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने अब तीन दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अब पढ़िए पूरी कहानी और कैसे चोर पकड़ा गया… बुआ के ससुराल में हुई युवती से मुलाकात आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के रहने वाले अंकुल के रूप में हुई। वो आठवीं पास है। पिता के पास गांव में करीब 35 बीघा जमीन और 30 से ज्यादा पशु बताए गए हैं। अंकुल की मुलाकात बुआ के ससुराल में एक युवती से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में प्यार हो गया। इंटरकास्ट मैरिज करने पर पिता ने घर से निकाला अलग-अलग जातियों से होने के कारण परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। इसके बावजूद दोनों ने 26 नवंबर 2024 को परिवार की मर्जी के बिना शादी कर ली। शादी से नाराज पिता ने उसे घर और संपत्ति से अलग कर दिया। पत्नी के साथ पंचकूला आया, मजदूरी से चलाता था घर परिवार से अलग होने के बाद अंकुल करीब आठ महीने पहले पत्नी के साथ पंचकूला के टिपरा गांव में रहने लगा। उसने किराए पर कमरा लिया था। घर का खर्च चलाने के लिए वह लेबर चौक पर मजदूरी तलाशता था। उसकी पत्नी भी लोगों के घरों में साफ-सफाई का काम करती थी। इसी बीच पत्नी गर्भवती हो गई। पुलिस पूछताछ में अंकुल ने बताया कि डॉक्टरों ने डिलीवरी के लिए 10 नवंबर की डेट दी थी, लेकिन उसके पास इलाज और अस्पताल के खर्च के लिए पैसे नहीं थे दिवाली की सफाई के लिए गया, अलमारी से जेवर चुराए 18 अक्टूबर को शिकायतकर्ता उसे लेबर चौक से कालका की खुराना कॉलोनी स्थित अपने घर में दिवाली की सफाई के लिए लेकर गया था। काम के दौरान अंकुल ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी देखी। आरोप है कि उसने मौका पाकर जेवरों का बॉक्स चुरा लिया। इसमें करीब 12 तोले सोने और हीरे की ज्वेलरी थी, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है। 22 को चोरी का पता चला, 24 को केस दर्ज कराया परिवार ने 22 अक्टूबर को सामान चेक किया तो जेवर गायब मिले। इसके बाद 24 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत दी गई। पुलिस ने जांच शुरू की और चोरी के आरोपी की तलाश की। इस बीच अंकुल पत्नी के साथ उत्तर प्रदेश के औरैया चला गया। वहां उसने किराए पर कमरा लिया और चोरी के जेवर बेचने की योजना बनाई। कमरे का सामान लेने लौटा, पुलिस ने पकड़ लिया चोरी के बाद अंकुल अपनी पत्नी के साथ यूपी चला गया था, लेकिन पंचकूला के टिपरा स्थित किराए के कमरे से सामान लेने जैसे ही वापस आया। इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 20 लाख रुपए के जेवर बरामद किए हैं। कुछ गहनों की बरामदगी के लिए उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी के सभी जेवर बरामद हुए हैं या कुछ अभी बाकी हैं।

