नवरात्र और दीपावली त्योहारों के मद्देनजर मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए जैसलमेर जिले में विशेष खाद्य सुरक्षा अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में देवीकोट क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा सघन निरीक्षण और नमूनीकरण की कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कीर्तिपाल सिंह भाटी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. स्वरूप चारण की संयुक्त टीम ने देवीकोट क्षेत्र की विभिन्न मिठाई की दुकानों पर पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण, साफ-सफाई और निर्माण से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। मावे, मिठाई और घी के लिए गए 7 नमूने अभियान के दौरान अधिकारियों ने मिलावट की आशंका के चलते मावा, विभिन्न मिठाइयों और घी के कुल 7 नमूने जांच के लिए एकत्र किए। इन सभी नमूनों को मानक परीक्षण के लिए राज्य की प्रयोगशाला में भिजवाया जा रहा है। लैब से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमों के अनुसार आगामी विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मौके पर नष्ट की गई अमानक सामग्री निरीक्षण के दौरान दुकानों पर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाई गई 40 किलो दूषित मिठाई और 10 किलो रंगीन चटनी को मौके पर ही नष्ट करवाया गया, ताकि त्योहारों के सीजन में किसी भी आम नागरिक के स्वास्थ्य से खिलवाड़ न हो। दुकान संचालकों को खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आमजन से सुरक्षित भोजन अपनाने की अपील खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से आम नागरिकों से विशेष अपील की गई है कि वे त्योहारों के दौरान बाजार से मिठाइयां व अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, स्वच्छता और पैकेजिंग पर विशेष ध्यान दें। किसी भी प्रकार की संदेहजनक या मिलावटी खाद्य सामग्री की सूचना तुरंत विभाग को दें।

