करौली जिले में शुक्रवार को विश्व फार्मासिस्ट दिवस कई कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। इस दौरान फार्मासिस्टों ने पोस्टर जारी कर स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी भूमिका बताई और लोगों को दवाओं के सुरक्षित इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया। फार्मासिस्टों ने एमसीएच विंग में भर्ती मरीजों को फल भी बांटे। डॉक्टर की सलाह के बिना दवा नहीं लेने की अपील फार्मासिस्टों ने लोगों को दवाओं के सही और सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डॉक्टर की सलाह के बिना कोई दवा नहीं लेनी चाहिए। डॉक्टर जितने दिन तक दवा लेने की सलाह दें, उतने ही समय तक उसका सेवन करना चाहिए। दवा की खुराक और उसे लेने के समय का भी विशेष ध्यान रखने की बात कही गई। स्वास्थ्य व्यवस्था में फार्मासिस्ट अहम कड़ी जिला अध्यक्ष मनीष मीणा ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था में फार्मासिस्ट इलाज को प्रभावी बनाने में एक अहम कड़ी हैं। मरीजों को डॉक्टर द्वारा बताई गई दवा की सही खुराक, लेने का समय, जरूरी सावधानियां और दवा के सही इस्तेमाल की जानकारी देना फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एंटीबायोटिक के इस्तेमाल में सावधानी जरूरी कार्यक्रम के दौरान फार्मासिस्टों ने एंटीबायोटिक दवाओं के सही इस्तेमाल पर भी जोर दिया। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि डॉक्टर की सलाह के बिना एंटीबायोटिक सहित किसी भी दवा का सेवन न करें। साथ ही डॉक्टर द्वारा बताई गई अवधि तक ही दवा लेने की सलाह दी गई। मरीजों को फल बांटकर दिया सेवा का संदेश विश्व फार्मासिस्ट दिवस के मौके पर फार्मासिस्टों ने एमसीएच विंग में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए। कार्यक्रम के माध्यम से दवाओं के सुरक्षित इस्तेमाल के साथ मरीजों की सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में संभाग उपाध्यक्ष रामावतार गुर्जर, मनीष गुप्ता, जगदीश, मुश्ताक सहित अन्य फार्मासिस्ट मौजूद रहे।

