फर्रुखाबाद में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर प्राचीन ठाकुरद्वारा मंदिर रंग-बिरंगी झालरों, फूलों और आकर्षक रोशनी से जगमगा उठा। मंदिर के गर्भगृह की विशेष सजावट श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण रही। ठाकुरद्वारा मंदिर के साथ ही राधा बल्लभ शक्ति मंदिर और मठिया देवी मंदिर समेत शहर के कई अन्य मंदिरों को भी सजाया गया था। सजी हुई झांकी और रोशनी के बीच मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल रहा। श्रद्धालु देर रात तक भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में डूबे रहे। मंदिर के गर्भगृह को खास तौर पर सजाया गया था। राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियां श्रद्धालुओं को खूब आकर्षित कर रही थीं। सजावट के बीच गर्भगृह में मथुरा के बांके बिहारी मंदिर जैसी छटा दिखाई दी। शाम से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान कलाकारों ने भजन-कीर्तन की प्रस्तुतियां दीं। राधा-कृष्ण के भजनों से माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। भजनों पर श्रद्धालु झूमते और भगवान की भक्ति में लीन नजर आए। छोटी जेल चौराहा पर भी एक खास कार्यक्रम हुआ। यहां सड़क के दोनों ओर दूर-दूर तक लाइटिंग की गई थी। भगवान कृष्ण और राधा की झांकियां बनाई गई थीं, जहां लोग भजनों पर डांस भी कर रहे थे। सेंट्रल जेल चौराहे पर पुलिस चौकी के पास बने मंदिर पर भी भजनों का आयोजन हुआ।

