अम्बेडकरनगर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। शहर से लेकर गांवों तक मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पुलिस लाइन स्थित मंदिर में भी भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जहां फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया। देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर उत्साह बना रहा। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय मंदिरों और घरों में विशेष पूजा, आरती और शंखनाद किया गया। इस दौरान ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। जन्माष्टमी के लिए घरों में भी खास तैयारियां की गई थीं। लोगों ने अपने बच्चों को नन्हे कान्हा और राधा के रूप में सजाया। कृष्ण की वेशभूषा में बांसुरी और मुकुट पहने बच्चे आकर्षण का केंद्र बने रहे। कई जगहों पर बच्चों के लिए विशेष झांकियां भी सजाई गईं। जिले के अलग-अलग हिस्सों में भजन-कीर्तन, कृष्ण लीला, आकर्षक झांकियों और दही हांडी जैसे पारंपरिक कार्यक्रम हुए। मंदिरों में देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस भी सतर्क थी। जन्माष्टमी के चलते पूरे जिले में उत्सव और भक्ति का माहौल बना रहा।

