रामपुर में कोसी मंदिर मार्ग स्थित रामलीला मैदान में श्री सनातन रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित श्री राम महोत्सव में भगवान श्रीराम के वनगमन का भावपूर्ण मंचन किया गया। श्री गोविंद गोपाल लीला संस्थान, वृंदावन के कलाकारों ने अपने अभिनय से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। रात्रिकालीन लीला में अयोध्या में श्रीराम के राज्याभिषेक की तैयारियों के बीच मंथरा ने कैकेयी को भड़काकर घटनाक्रम बदल दिया। कैकेयी ने अपने दो वरदानों में भरत के लिए राजगद्दी और श्रीराम के लिए चौदह वर्ष का वनवास मांग लिया। यह सुनकर महाराज दशरथ व्याकुल हो उठे। श्रीराम ने पिता के वचन की मर्यादा रखते हुए वनवास स्वीकार कर लिया। माता सीता और लक्ष्मण के साथ वनगमन तथा तमसा नदी के तट पर निवास के प्रसंग का सजीव मंचन हुआ। कार्यक्रम में कमेटी के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।

