पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर परिजनों ने उठाए सवाल:सीतापुर में छात्रा की डूबने से मौत की पुष्टि, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर परिजनों ने उठाए सवाल:सीतापुर में छात्रा की डूबने से मौत की पुष्टि, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

सीतापुर के मानपुर थाना क्षेत्र में तालाब में मिली इंटर की छात्रा लक्ष्मी (17) की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। बुधवार शाम करीब 7 बजे आई रिपोर्ट से परिजन संतुष्ट नहीं हैं। उनका आरोप है कि छात्रा के मुंह-नाक से खून निकल रहा था और सिर के पीछे चोट भी थी, लेकिन रिपोर्ट में इनका जिक्र नहीं है। मृतका के भाई बृजेश ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है। घर से निकली, 12 घंटे बाद तालाब में मिला शव मामला मानपुर थाना क्षेत्र के बिरैचा गांव का है। यहां की निवासी लक्ष्मी मंगलवार सुबह करीब 6 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस और परिवार के लोग किशोरी को खोजने में जुट गए। इसी दौरान गांव के बाहर तालाब में उसका शव उतराता मिला। पोस्टमार्टम में डूबने से मौत की पुष्टि सूचना मिलने पर पुलिस ने जाल की मदद से तालाब से शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। बुधवार शाम आई रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना बताया गया। हालांकि, परिजनों का कहना है कि शव मिलने के समय मुंह और नाक से खून निकलता दिखाई दे रहा था। उन्होंने सिर के पिछले हिस्से में चोट होने की बात भी कही है। उनका दावा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इन चोटों का जिक्र नहीं है। गांव के युवक से बातचीत को लेकर भी संदेह परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर छात्रा से कथित प्रेम संबंध होने और फोन पर बातचीत करने का आरोप लगाते हुए संदेह जताया है। मृतका के भाई बृजेश ने मामले की गहन जांच की मांग की है। हालांकि, युवक की भूमिका को लेकर अभी कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है। CDR और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से जांच प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *