पंचायत राज चुनाव के दूसरे चरण के मतदान को लेकर मंगलवार सुबह नागौर के राजकीय महाविद्यालय के खेल मैदान से पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान एक कर्मचारी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पेट में तेज दर्द होने के बाद कर्मचारी बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए कर्मचारी को तत्काल वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। कर्मचारी को अचानक अचेत होता देख मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों में हलचल मच गई। इस दौरान रिटर्निंग अधिकारी गोविंद सिंह भींचर, तहसीलदार नृसिंह टाक सहित अन्य अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बिना देर किए कर्मचारी को गाड़ी से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। कर्मचारी को तत्काल उपचार के लिए ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया। 5.28 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान नागौर जिले में दूसरे चरण के पंचायत राज चुनाव के तहत 92 पंचायत समिति सदस्यों और 16 जिला परिषद सदस्यों के लिए मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, इस चरण में कुल 5 लाख 28 हजार 145 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार शाम तक सभी निर्धारित मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियों के पहुंचने की व्यवस्था की गई है, ताकि मतदान प्रक्रिया समय पर शुरू हो सके। सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा मतदान दूसरे चरण के लिए बुधवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। पोलिंग पार्टियों की रवानगी के साथ ही चुनावी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। अब प्रशासन का फोकस शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने पर है।

