राधा अष्टमी के अवसर पर शनिवार को छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय का हेलीपैड स्थित ग्राउंड शनिवार को भक्ति और आध्यात्मिकता के रंग में रंग गया। राधा रानी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष कार्यक्रम में पुंडरीक गोस्वामी और रेणुका गोस्वामी ने अपने मधुर भजनों से ऐसा समां बांधा कि पूरा वातावरण राधामय हो उठा। राधा रानी को समर्पित भजनों की स्वर लहरियों से परिसर देर तक गूंजता रहा। हजारों की संख्या में भक्त भजन सुनने पहुंचे। देखें तस्वीरें…
मेरी विनती यही है राधा रानी कार्यक्रम की शुरुआत राधा रानी के चरणों में श्रद्धा और भक्ति अर्पित करते हुए की गई। इसके बाद पुंडरीक गोस्वामी और रेणुका गोस्वामी ने राधा-कृष्ण की भक्ति से जुड़े मनमोहक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। मेरी विनती यही है राधा रानी, कृपा बरसाए रखना, राधा रानी लगे, सबसे प्यारी राधा रानी लगे, बरसाने में आज आनंद छायो, राधा रानी को जनम दिन आयो, राधा रानी फूल है तो भवरे हैं बिहारी, कीर्ति मैया दे दे बधाई, राधा जन्म सुन आई आदि भजनों के दौरान उपस्थित लोग भाव-विभोर नजर आए। सुंदर समागम देखने को मिला भक्तिमय संगीत और आध्यात्मिक वातावरण ने राधा अष्टमी के उत्सव को विशेष बना दिया।विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भी राधा रानी की भक्ति, संगीत और संस्कृति का सुंदर समागम देखने को मिला। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक तथा आयुर्वेदाचार्य डॉ.वंदना पाठक, वृंदावन बिहारी लाल अग्रवाल, किरण अग्रवाल, अमित गुप्ता और रितिका गुप्ता आदि रहे।
उमड़ी भक्तों की भारी भीड़
भक्तों की भारी भीड़ के कारण रानी लक्ष्मीबाई सभागार से कार्यक्रम का स्थान विवि परिसर स्थित हेलीपैड पर किया गया। पुंडरीक गोस्वामी के भक्तों के आने का सिलसिला सुबह 10 बजे से शुरू हो गया था, निर्धारित समय तक 5000 से ज्यादा भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुये विवि के कुलपति प्रो विनय कुमार पाठक जी ने कार्यक्रम को हेलीपैड पर शिफ्ट करवाया। कुलपति जी ने विश्वविद्यालय की पूरी टीम लगाकर कुछ ही देर में सारी तैयारी हेलीपैड पर पूरी कर दी।

