रायसेन में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शनिवार को शासकीय सांदीपनीय और शासकीय आदर्श कन्या विद्यालय में ‘विकसित भारत 2047’ पर भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता हुई। इसमें करीब 500 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। छात्रों ने अपनी कल्पनाओं और सपनों को रंगों के जरिए कागज पर उतारकर भविष्य के भारत की तस्वीर दिखाई। शासकीय सांदीपनीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में करीब 300 छात्रों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। कुछ छात्रों ने अपनी पेंटिंग में वंदे भारत और बुलेट ट्रेन को दिखाया। वहीं, कुछ ने आधुनिक सड़कों, बड़े ब्रिज और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए विकसित भारत की तस्वीर बनाई। एक छात्रा ने अपनी पेंटिंग में पूरे भारत को विकसित रूप में दिखाया, जबकि एक अन्य पेंटिंग में भारत का तिरंगा चांद पर लहराता नजर आया। विद्यार्थियों की पेंटिंग में सिर्फ आधुनिक तकनीक और इंफ्रास्ट्रक्चर ही नहीं था। इसमें हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाने, आर्थिक विकास, नई तकनीक और आने वाली पीढ़ी की जरूरतों को भी जगह मिली। बच्चों ने अपनी कल्पना के हिसाब से बताया कि 2047 तक भारत कैसे आत्मनिर्भर और विकसित देश बन सकता है। जिला शिक्षा अधिकारी निर्मला नंदन तिवारी ने स्कूल पहुंचकर विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने भाषण प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्रों से बात की। साथ ही, बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सर्टिफिकेट और इनाम देने का एलान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की पेंटिंग में विकसित भारत को लेकर उनकी कल्पना साफ दिखती है। विद्यार्थियों ने यह भी दिखाया है कि भविष्य की पीढ़ी के लिए शिक्षा, तकनीक और आधुनिक सुविधाएं कितनी जरूरी होंगी। तस्वीरें देखिए…

