पीलीभीत में मछली पकड़ने के जाल में फंसा जहरीला कोबरा:घर में मिलने से मची दहशत, रेस्क्यू टीम ने जंगल में छोड़ा

पीलीभीत में मछली पकड़ने के जाल में फंसा जहरीला कोबरा:घर में मिलने से मची दहशत, रेस्क्यू टीम ने जंगल में छोड़ा

पीलीभीत जिले के पूरनपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत धुरिया पलिया में रविवार सुबह एक घर में रखे मछली पकड़ने के जाल में एक जहरीला कोबरा सांप फंसा मिला। इस घटना के बाद इलाके में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा। बरसात और उमस भरे मौसम के बीच जहरीले सांपों के रिहायशी इलाकों में निकलने का सिलसिला जारी है। यह घटना रविवार सुबह करीब 8 बजे की है। घर की एक स्थानीय महिला (नगर वाली) की नजर सबसे पहले इस सांप पर पड़ी। वह घरेलू काम से उस जगह गई थी, जहां मछली पकड़ने का जाल और कुछ कबाड़ रखा था। तभी जाल के भीतर हलचल देखकर वह रुक गई। पास जाकर देखा तो जाल की रस्सियों में एक बड़ा कोबरा बुरी तरह उलझा हुआ था और बाहर निकलने के लिए लगातार फुफकार रहा था। महिला के शोर मचाने पर तुरंत आस-पड़ोस के लोग जमा हो गए। जहरीले कोबरा सांप को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। कोई भी उसके पास जाने की हिम्मत नहीं कर पाया। ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत सांप पकड़ने वाले विशेषज्ञों (स्नेक कैचर) को मौके पर बुलाया। सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बहुत सावधानी से जाल को काटा और सांप को बिना नुकसान पहुंचाए बाहर निकाल लिया। बाद में कोबरा को एक सुरक्षित डिब्बे में बंद करके आबादी से दूर जंगल में छोड़ दिया गया। सांप के जंगल में छोड़े जाने के बाद ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने अपील की है कि घरों और आसपास रखे पुराने जाल, लकड़ी के ढेर, कबाड़ या अंधेरे में रखे सामान को उठाते समय खास सावधानी बरतें। अक्सर ऐसी जगहों पर जहरीले जीव अपना ठिकाना बना लेते हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *