पांच हजार की आबादी के लिए अंडरपास की मांग:84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर किसानों का आंदोलन, NHAI के अधिकारियों ने किया मौके का निरीक्षण

पांच हजार की आबादी के लिए अंडरपास की मांग:84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर किसानों का आंदोलन, NHAI के अधिकारियों ने किया मौके का निरीक्षण

अयोध्या में 84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर मंझनपुर गांव के सामने अंडरपास बनाने की मांग को लेकर किसानों ने आंदोलन किया है। किसानों का कहना है कि एनएच-227बी पर अंडरपास के अभाव में करीब पांच हजार की आबादी वाले मंझनपुर गांव के लोगों को आवागमन में समस्या का सामना करना पड़ रहा है। 1 सितंबर मंगलवार को कार्य संस्था के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया है और मामले का निस्तारण करने का शासन भी दिया है। अमरगंज बाजार से मिल्कीपुर-बेलसर टू-लेन मार्ग होते हुए गांव तक पहुंचने का यह एकमात्र रास्ता है। ग्रामीणों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए अंडरपास निर्माण की मांग की जा रही है। इसी मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष मिल्कीपुर राजेश मिश्रा के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया गया था। उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर पवन कुमार शर्मा के आश्वासन के बाद रविवार को धरना समाप्त हो गया। इसके बाद सोमवार, 31 अगस्त को मिल्कीपुर तहसील सभागार में एसडीएम की अध्यक्षता में किसानों और 84 कोसी परिक्रमा मार्ग की कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के बीच बैठक हुई। बैठक में किसानों ने अंडरपास की मांग को प्रमुखता से उठाया और ग्रामीणों के आवागमन के लिए समुचित व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर दिया। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए मंगलवार, 1 सितंबर को तहसील लेखपाल के साथ कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता और अवर अभियंता ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष राजेश मिश्रा भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्या और मौके की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अंडरपास सहित अन्य समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। एसडीएम पवन कुमार शर्मा ने बताया कि किसान नेता और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया है। किसानों की समस्याओं के निस्तारण के लिए जल्द ही दोबारा बैठक की जाएगी और समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *