छिंदवाड़ा के देहात थाना क्षेत्र से लापता हुईं पांच नाबालिग बालिकाओं को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर धार जिले के पीथमपुर से खोज लिया। पुलिस के अनुसार पांचों सहेलियां परिजनों की डांट से नाराज होकर बिना बताए एक साथ घर से निकल गई थीं। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन के आधार पर उन्हें पीथमपुर सेक्टर-3 से खोज निकाला। 21 सितंबर को बालिकाओं के परिजनों ने देहात थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने पांच अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू की और वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। देहात थाना प्रभारी जीएस राजपूत की टीम ने तुरंत जांच शुरू की। मोबाइल की लोकेशन से पीथमपुर पहुंची पुलिस पुलिस ने बालिकाओं के घर जाकर परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी गई। जांच में पता चला कि एक नाबालिग के पास मोबाइल फोन है और वह चालू है। इसके बाद साइबर सेल की मदद से मोबाइल की लोकेशन पता की गई। लोकेशन पीथमपुर सेक्टर-3 की मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची। पुलिस को पांचों बालिकाएं एक साथ मिल गईं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि मोबाइल देखने, पढ़ाई नहीं करने और काम नहीं करने की बात पर परिजनों ने उन्हें डांटा था। इसके बाद पांचों ने बिना बताए पीथमपुर जाकर काम करने का फैसला किया और वहां पहुंच गईं। बाल कल्याण समिति ने की काउंसलिंग पुलिस ने पांचों बालिकाओं को 22 सितंबर को खोज लिया। धार जिला बाल कल्याण समिति के सामने उनकी काउंसलिंग कराई गई। इसके बाद सभी को छिंदवाड़ा लाकर बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया। फिलहाल काउंसलिंग के लिए उन्हें वन स्टॉप सेंटर, छिंदवाड़ा में रखा गया है।

