अलवर शहर में ज्वेलर की पत्नी ने जहर खा लिया। परिजन उसे इलाज के लिए जयपुर लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पीहर पक्ष का आरोप है कि पति और ससुराल वाले बेटा नहीं होने के कारण उसे ताने देते थे। उसे मानसिक प्रताड़ना दी जाती थी। घटना मंगलवार शाम काला कुआं क्षेत्र की है। जिला हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम के बाद आज शव परिजनों को सौंपा गया। अरावली विहार थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोप-दूसरी पत्नी लेकर आने की धमकी देता था पति विवाहिता का नाम सुमन गुप्ता (37) है। उसकी दो बेटियां हैं। विवाहिता के मामा सुनील गुप्ता ने बताया कि करीब 13 साल पहले काला कुआं के साउथ वेस्ट ब्लॉक निवासी अमित गुप्ता से भांजी की शादी हुई थी। अमित गुप्ता की बजाज बाजार में अमित ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। बेटा नहीं होने के कारण पति और ससुराल वाले प्रताड़िता करते थे। मामा का आरोप है कि भांजी को मानसिक रूप से परेशान कर कहा जाता था की ‘तुम्हारे लड़का नहीं है, इसलिए अब तुम्हारे सामने ही दूसरी पत्नी लेकर आऊंगा।’ पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

