Ramayana Review: रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्सुकता बनी हुई है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का लॉस एंजिल्स में 27 अक्टूबर को प्रीमियर आयोजित किया गया, जिसमें फिल्म की स्टारकास्ट के साथ कई सेलेब्स और रिव्यूअर्स भी शामिल हुए। प्रीमियर के बाद फिल्म को लेकर शुरुआती प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। रणबीर कपूर की फिल्म में परफॉर्मेंस की तारीफ भी हो रही है। अब उनकी ‘ये जवानी है दीवानी’ की को-स्टार पूर्णा जगन्नाथन ने भी फिल्म देखने के बाद रणबीर की जमकर तारीफ की है।
पूर्णा जगन्नाथन ने रणबीर को बताया ‘मैग्नेटिक’
पूर्णा जगन्नाथन लॉस एंजिल्स में हुए ‘रामायण’ के प्रीमियर में शामिल हुई थीं। फिल्म देखने के बाद उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी प्रतिक्रिया साझा की। पूर्णा ने फिल्म के अनुभव को खूबसूरत बताते हुए रणबीर कपूर की परफॉर्मेंस को खास तौर पर सराहा। उन्होंने लिखा, “वर्ल्ड ऑफ रामायण प्रीमियर खूबसूरत था, जिसे आरके की मैग्नेटिक परफॉर्मेंस ने मजबूती दी।”

पूर्णा ने इसके साथ रणबीर कपूर के साथ अपनी एक तस्वीर भी शेयर की। दूसरी इंस्टाग्राम स्टोरी में उन्होंने फैंस से फिल्म को 3डी में देखने की अपील करते हुए रणबीर को ‘किंग’ बताया।
लॉस एंजिल्स प्रीमियर में पहुंचे रणबीर-साई पल्लवी और यश
‘रामायण’ के लॉस एंजिल्स प्रीमियर में रणबीर कपूर के साथ साई पल्लवी और यश भी मौजूद रहे। फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा भी इस खास स्क्रीनिंग का हिस्सा बने। प्रीमियर में कई रिव्यूअर्स, कंटेंट क्रिएटर्स और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने फिल्म देखी।

प्रीमियर के बाद सामने आ रही शुरुआती प्रतिक्रियाओं में रणबीर कपूर और यश के अभिनय की काफी चर्चा हो रही है। हालांकि, फिल्म की आधिकारिक रिलीज के बाद ही दर्शकों और बॉक्स ऑफिस पर इसकी पूरी तस्वीर साफ होगी।
दो हिस्सों में रिलीज होगी ‘रामायण’
नितेश तिवारी की ‘रामायण’ को दो हिस्सों में रिलीज किया जाना है। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है। वहीं दूसरे भाग को दिवाली 2027 में रिलीज करने की योजना बताई गई थी। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक दूसरे भाग की रिलीज अब 2028 तक टल सकती है।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में दिखाई देंगे। फिल्म को लेकर काफी समय से दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है।
एडवांस बुकिंग में भी दिख रहा है उत्साह
‘रामायण’ की एडवांस बुकिंग आम फिल्मों की तुलना में काफी पहले 20 अक्टूबर से शुरू कर दी गई थी। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने ओपनिंग डे के लिए अब तक 2.77 लाख से ज्यादा टिकट बेच लिए हैं, जिसमें ब्लॉक की गई सीटें भी शामिल हैं। ब्लॉक सीटों को हटाने पर टिकट बिक्री का आंकड़ा करीब 2.22 लाख बताया गया है।
फिल्म ने ओपनिंग डे के लिए ब्लॉक सीटों के साथ करीब 14.64 करोड़ रुपये की ग्रॉस बुकिंग दर्ज की है, जबकि ब्लॉक सीटों को हटाने के बाद यह आंकड़ा करीब 11.88 करोड़ रुपये बताया गया है।
‘रामायण’ साल की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल है और फिल्म को लेकर उम्मीदें काफी ज्यादा हैं। अब लॉस एंजिल्स प्रीमियर से सामने आई शुरुआती प्रतिक्रियाओं के बाद दर्शकों की नजर 5 नवंबर की रिलीज और बॉक्स ऑफिस पर इसके प्रदर्शन पर टिकी है।

