थाना तारागढ़ के अंतर्गत आते गांव नक्कीयां में तेज रफ्तार और लापरवाही से मोटरसाइकिल चलाने के कारण एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसा मृतक के बेटे के सामने हुआ। बेटे ने मोटरसाइकिल का नंबर नोट कर लिया। जिसके बाद सदर पुलिस ने मृतक के बेटे के बयानों पर आरोपी मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पहचान गांव नक्कीयां निवासी हंस राज (60) के तौर पर हुई है। जबकि, आरोपी सुमित कुमार डल्ला बलीम गांव का रहने वाला है। पुलिस का कहना है कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फरार आरोपी सुमित कुमार की गिरफ्तारी और मोटरसाइकिल की जब्ती के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पैदल दीनानगर की तरफ जा रहे थे बाप-बेटा मामले की जानकारी देते हुए शिकायतकर्ता सुरिंदर कुमार पुत्र हंस राज, निवासी गांव नक्कीयां ने बताया कि उसके 60 वर्षीय पिता हंस राज अपने किसी व्यक्तिगत काम के सिलसिले में गांव नक्कीयां से दीनानगर के लिए पैदल निकले थे। दोपहर लगभग 1:30 बजे, जब सुरिंदर कुमार और उसके पिता गांव नक्कीयां में मीता की दुकान से थोड़ा आगे सड़क किनारे पैदल जा रहे थे, तभी गांव परमानंद की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से आए। बिना हॉर्न बजाए पीछे से मारी टक्कर, सिर में आई गंभीर चोटें सुरिंदर कुमार के अनुसार, मोटरसाइकिल चालक ने सड़क किनारे जा रहे उसके पिता को बिना कोई हॉर्न बजाए पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसके पिता सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
हादसे को अंजाम देने के बाद मोटरसाइकिल पर सवार तीनों युवक दीनानगर की तरफ तेजी से फरार हो गए। हालांकि, भागते समय शिकायतकर्ता ने मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर PB-35-AA-4750 नोट कर लिया। अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम, आरोपी की हुई पहचान घटना के तुरंत बाद सुरिंदर कुमार ने गाड़ियों का प्रबंध किया और लहूलुहान हालत में अपने पिता हंस राज को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पठानकोट पहुंचाया। हालांकि, सिर में अधिक चोट लगने के कारण दोपहर लगभग 4 बजे इलाज के दौरान हंस राज की मौत हो गई। पूछताछ करने पर पता चला कि दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को सुमित कुमार निवासी डल्ला बलीम (थाना तारागढ़) चला रहा था। आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी सुरिंदर कुमार के बयानों और घटनास्थल के निरीक्षण के आधार पर थाना तारागढ़ पुलिस ने आरोपी मोटरसाइकिल नंबर PB-35-AA-4750 चालक सुमित कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) (लापरवाही से मौत) और 281 (अवैध/लापरवाह ड्राइविंग) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फरार आरोपी सुमित कुमार की गिरफ्तारी और मोटरसाइकिल की जब्ती के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

