पंजाब नेशनल बैंक के कैशियर ने लाखों का गबन किया:ब्रांच मैनेजर को मैसेज भेजा- कर्ज से परेशान हूं; घर छोड़ रहा हूं

पंजाब नेशनल बैंक के कैशियर ने लाखों का गबन किया:ब्रांच मैनेजर को मैसेज भेजा- कर्ज से परेशान हूं; घर छोड़ रहा हूं

श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर में पंजाब नेशनल बैंक में कार्यरत कैशियर द्वारा 14 लाख रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। हेड कैशियर ने ATM में कैश डालने के लिए बैंक से 15 लाख रुपए लिए, लेकिन मशीन में केवल 1 लाख रुपए ही जमा किए। बाकी 14 लाख रुपए अपने पास रख लिए। मामले का खुलासा होने से पहले ही कर्मचारी ने बैंक मैनेजर को व्हाट्सएप मैसेज भेजकर घर छोड़कर जाने की बात कही थी। हालांकि, उसके परिजनों ने उसी दिन बैंक में 14 लाख रुपए जमा करवा दिए और शुक्रवार (30 अक्टूबर) को थाने में रिपोर्ट की है। मामला रायसिंहनगर थाना क्षेत्र का है। पंजाब नेशनल बैंक, रायसिंहनगर के ब्रांच मैनेजर अभिनव अरोड़ा ने हेड कैशियर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। मैसेज में लिखा- कर्ज से परेशान होकर घर छोड़कर जा रहा हूं 21 सितंबर 2026 को सुबह करीब 9:38 बजे हेड कैशियर ईश्वर पंवार ने ब्रांच मैनेजर अभिनव अरोड़ा को अपने मोबाइल से व्हाट्सएप मैसेज भेजा। इसमें उसने लिखा कि वह कर्ज से परेशान होकर घर छोड़कर जा रहा है और उसे लौटने में दो-तीन महीने भी लग सकते हैं। मैसेज में बैंक में 14 लाख रुपए कैश कम होने की बात भी लिखी थी। साथ ही उसने घरवालों को परेशान नहीं करने और बैंक की चाबी कैश ड्रॉअर में होने की जानकारी दी। रिकॉर्ड में 15 लाख की एंट्री, मिले 1 लाख मैसेज मिलने के बाद ब्रांच मैनेजर बैंक पहुंचे और कैश बैलेंस, कैश बुक तथा नकदी से जुड़े दस्तावेजों का मिलान किया। जांच में सामने आया कि 19 सितंबर को हेड कैशियर ईश्वर पंवार ने BNA मशीन में कैश जमा करने के लिए कैश काउंटर से 15 लाख रुपए प्राप्त किए थे। आरोप है कि उसने BNA मशीन में केवल 1 लाख रुपए ही जमा किए, जबकि बैंक के फिनेकल सिस्टम में 15 लाख रुपए जमा करने की एंट्री दर्ज कर दी। इस तरह 14 लाख रुपए का अंतर सामने आया। रिपोर्ट में कैश जमा करने से संबंधित दस्तावेजों और वाउचर में भी गलत एंट्री करने का आरोप लगाया गया है। परिजनों ने जमा करवाए 14 लाख ब्रांच मैनेजर ने कर्मचारी के परिजनों से संपर्क कर उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और बैंक के पैसे जमा करवाने को कहा। परिजनों ने उसी दिन बैंक में 14 लाख रुपए जमा करवा दिए। इसके बाद ब्रांच मैनेजर ने मामले की जानकारी बैंक के मुख्य कार्यालय श्रीगंगानगर को दी। अब बैंक के अधिकृत अधिकारियों के निर्देश पर ब्रांच मैनेजर ने शिकायत दर्ज करवाई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई भोलूराम कर रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *