अकबरपुर। पटेल नगर निवासी विकास चौधरी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान का लाभ उठाकर अपना डिजिटल फ्लेक्स एवं प्रिंटिंग प्रेस व्यवसाय शुरू किया है। कभी सीमित आय में नौकरी करने वाले विकास आज अपनी यूनिट संचालित कर रहे हैं और दो अन्य लोगों को रोजगार भी दे रहे हैं। विकास चौधरी पहले एक सामान्य प्रिंटिंग प्रेस में काम करते थे। सीमित आय के कारण परिवार का खर्च चलाने में उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसी दौरान उन्हें मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने जिला उद्योग केंद्र से संपर्क किया। अधिकारियों ने उन्हें योजना की प्रक्रिया और स्वरोजगार शुरू करने के लिए मिलने वाली वित्तीय सहायता की जानकारी दी। 5 लाख का लोन लेकर शुरू किया कारोबार अधिकारियों के मार्गदर्शन में विकास ने को-ऑपरेटिव बैंक से डिजिटल फ्लेक्स एवं प्रिंटिंग प्रेस यूनिट लगाने के लिए 5 लाख रुपए के ऋण के लिए आवेदन किया। ऋण स्वीकृत होने के बाद उन्होंने अपनी यूनिट स्थापित कर कारोबार शुरू किया। खुद आत्मनिर्भर बने, दो लोगों को दिया रोजगार वर्तमान में विकास की डिजिटल फ्लेक्स एवं प्रिंटिंग प्रेस यूनिट सुचारू रूप से चल रही है। कारोबार बढ़ने के साथ उन्होंने दो अन्य लोगों को भी रोजगार दिया है। योजना उनके लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने का जरिया भी बनी। बोले- योजना ने नई पहचान दी विकास चौधरी ने कहा, “सरकार की इस योजना ने मुझे न केवल आर्थिक रूप से सशक्त किया है, बल्कि समाज में एक नई पहचान भी दी है।” उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य भविष्य में कारोबार का और विस्तार करना है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को रोजगार दिया जा सके। युवाओं को रोजगार प्रदाता बनने का अवसर विकास की सफलता यह बताती है कि सही मार्गदर्शन, वित्तीय सहायता और अवसर मिलने पर युवा अपने कौशल को सफल कारोबार में बदल सकते हैं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय खुद रोजगार देने वाला उद्यमी बनने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है।

