सेक्टर-94 में ओखला बर्ड सेंक्चूरी मेट्रो स्टेशन के पास अब मॉल या व्यावसायिक गतिविधियों के लिए नया डेस्टिनेशन हब बनने जा रहा है। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने सेक्टर-94 के एफसी-04 प्लॉट पर कमर्शियल गतिविधियां विकसित करने के लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) जारी किया है। इसके लिए 44,151 वर्ग मीटर जमीन प्रस्तावित है। चयनित कंपनी यहां मॉल समेत अन्य व्यावसायिक गतिविधियां विकसित कर सकेगी। इस परियोजना का निर्माण और संचालन पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर किया जाएगा। जमीन का फ्लोर एरिया रेशियो (एफएआर) 4.5 निर्धारित किया गया है, जबकि ग्राउंड कवरेज 40 प्रतिशत रहेगा। इससे कंपनी को तय मानकों के अनुसार व्यावसायिक परिसर विकसित करने का अवसर मिलेगा। 28 अक्टूबर को प्री-बिड मीटिंग
एनएमआरसी की ओर से इच्छुक कंपनियों के साथ 28 अक्टूबर को प्री-बिड मीटिंग आयोजित की जाएगी। इसमें परियोजना से जुड़ी शर्तों और अन्य पहलुओं पर चर्चा होगी। इसके बाद कंपनियां 6 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगी। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद तय मानकों के आधार पर कंपनी का चयन किया जाएगा। 800 कारों की पार्किंग बनाना अनिवार्य
इस जमीन को हासिल करने वाली कंपनी को व्यावसायिक परिसर विकसित करने के साथ एनएमआरसी के लिए 800 कारों की पार्किंग भी बनानी होगी। इससे मेट्रो यात्रियों को पार्किंग की सुविधा मिलने की उम्मीद है। व्यावसायिक गतिविधियां शुरू होने से सेक्टर-94 और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को खरीदारी और अन्य सुविधाओं के लिए नया विकल्प मिल सकता है। एनएमआरसी को भी मिलेगा राजस्व
इस परियोजना से एनएमआरसी को राजस्व मिलने का रास्ता खुलेगा। हालांकि, एनएमआरसी को इससे कितनी आय होगी, यह कंपनी के चयन और उसके साथ तय होने वाली शर्तों के बाद स्पष्ट होगा। फिलहाल इस पहल को मेट्रो स्टेशन के आसपास व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ाने और जमीन का बेहतर उपयोग करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

