नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ के बाद वहां फंसे केरलम के 45 लोग सुरक्षित हैं और उनमें से कई भारत लौटने लगे हैं। ‘एनओआरकेए रूट्स’ ने रविवार को यह जानकारी दी। ‘एनओआरकेए रूट्स’ केरलम सरकार की एक एजेंसी है, जो राज्य से बाहर रहने वाले स्थानीय लोगों के लिए विदेशी मामलों और कल्याणकारी सेवाओं का समन्वय करती है।
‘एनओआरकेए रूट्स’ ने बताया कि नेपाल में फंसे केरलम के 52 लोगों ने उसकी हेल्पलाइन पर संपर्क किया था, जिनमें से 45 के सुरक्षित होने की पुष्टि हो गई है, जबकि सात अन्य का पता लगाने की कोशिशें जारी हैं। एजेंसी ने एक बयान में कहा कि कैलास-मानसरोवर यात्रा पर गए 23 सदस्यीय समूह में केरलम के 19 लोग शामिल थे, जो शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे काठमांडू पहुंचे और अब स्वदेश लौटने की तैयारी कर रहे हैं। ‘एनओआरकेए रूट्स’ के मुताबिक, समूह उस समय बाढ़ की चपेट में आ गया, जब यह कैलास-मानसरोवर यात्रा के आधार शिविर धारचूला में ठहरा हुआ था।
एजेंसी ने बताया कि बाद में समूह के सदस्यों को कोठारी के रास्ते एक सुरक्षित कैंप में ले जाया गया। ‘एनओआरकेए रूट्स’ के अनुसार, नेपाल से लौटने वाले लोगों में डॉ. रेखा नायर के नेतृत्व वाली चिकित्सकों की छह सदस्यीय टीम भी शामिल है। एजेंसी ने बताया कि कैलास-मानसरोवर यात्रा पूरी करने वाली इस टीम के रविवार शाम तक काठमांडू पहुंचने की उम्मीद है, जिसके बाद यह भारत के लिए रवाना होगी।
अधिकारियों ने बताया कि टीम के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। ‘एनओआरकेए रूट्स’ के मुताबिक, कैलास-मानसरोवर यात्रा पर गए 23 सदस्यीय समूह के बाकी चार सदस्य ब्रिटिश नागरिक हैं, जिनके पूर्वज केरलम से ताल्लुक रखते हैं। एजेंसी ने बताया कि एक ट्रैवल एजेंसी के जरिये काठमांडू की यात्रा पर गया 44 लोगों का एक और समूह भारत लौट आया है और उसने बस से गोरखपुर से बेंगलुरु के लिए रवाना हुआ है।
‘एनओआरकेए रूट्स’ के अनुसार, समूह के रविवार रात करीब 8:30 बजे तक बेंगलुरु पहुंचने की संभावना है, जहां से वह केरल के कोझिकोड के लिए रवाना होगा। एजेंसी ने बताया कि उसकी हेल्पलाइन से संपर्क करने वाले 52 लोगों में से 45 के सुरक्षित होने की पुष्टि हो गई है और वे घर वापस आने के प्रयास में जुटे हैं। उसने बताया कि इनमें से 16 लोग शनिवार को केरलम लौट आए थे।
‘एनओआरकेए रूट्स’ ने कहा, “सात लोगों का अभी पता नहीं चल पाया है। उनमें से चार ऑस्ट्रेलियाई नागरिक हैं, जबकि एक ब्रिटिश नागरिक और एक अन्य अमेरिकी नागरिक है। उनकी जानकारी विदेश मंत्रालय को सौंप दी गई है।”
एजेंसी ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देशों के अनुसार नेपाल से भारत आने वाले लोगों के लिए केरलम पहुंचने की व्यवस्था की गई है।
उसने बताया कि नेपाल में फंसा केरलम के 31 लोगों का एक अन्य समूह रविवार को अपने गृह राज्य लौट आया।

