ठाकरे भाइयों से मुलाकात पर सीएम फडणवीस बोले- बंद कमरे में कोई सियासी बात नहीं हुई; मंत्री ने कसा तंज

ठाकरे भाइयों से मुलाकात पर सीएम फडणवीस बोले- बंद कमरे में कोई सियासी बात नहीं हुई; मंत्री ने कसा तंज

Devendra Fadnavis on Thackeray Meeting: महाराष्ट्र की राजनीति में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे की एक साथ मौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को हवा दे दी है। मुंबई में आयोजित 75 कार्टूनिस्ट के काम और परिचय पर आधारित एक पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम में तीनों नेता एक मंच पर नजर आए। कार्यक्रम से पहले तीनों नेताओं के बीच बंद कमरे में बैठक होने की खबरें भी सामने आईं। अब सीएम फडणवीस ने इन खबरों पर सफाई देते हुए स्पष्ट किया है कि ऐसी कोई बैठक नहीं हुई और न ही कोई राजनीतिक चर्चा हुई। इस बीच मंत्री नितेश राणे ने ठाकरे भाइयों पर तंज कसा है।

पुणे में एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि वह इस समारोह में साहित्य प्रेमी के रूप में शामिल हुए थे। कार्यक्रम का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था। इसलिए इस मुलाकात का कोई राजनीतिक अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए।

खास बात यह है कि ठाकरे भाइयों और सीएम फडणवीस ऐसे समय में एक मंच पर नजर आए हैं, जब महाराष्ट्र विधान परिषद (MLC) चुनाव के नतीजों के बाद महायुति में शामिल भाजपा और उसकी सहयोगी शिवसेना (शिंदे गुट) के बीच अनबन की खबरें सामने आ रही हैं।

‘हम तीनों साहित्य प्रेमी के तौर पर कार्यक्रम में गए थे’

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि ‘महाराष्ट्राच्या हास्यरेषा’ बेहद अच्छा कार्यक्रम था। इस पुस्तक में महाराष्ट्र के पिछले 100 वर्षों के 75 व्यंग्यचित्रकारों के काम को शामिल किया गया है। यह मूल रूप से व्यंग्यचित्रकारों का कार्यक्रम था और हम तीनों साहित्य प्रेमी के तौर पर वहां पहुंचे थे।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में नेताओं के भाषण भी हल्के-फुल्के और हास्य-विनोद से भरपूर थे। ऐसे आयोजनों से महाराष्ट्र की सांस्कृतिक परंपरा और आपसी सौहार्द की झलक मिलती है। राजनीतिक विचार अलग हो सकते हैं और एक-दूसरे की आलोचना भी होती रहती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में साथ नहीं आया जा सकता।

बंद कमरे में बैठक की खबरों पर क्या बोले फडणवीस?

तीनों नेताओं के बीच बंद कमरे में बैठक होने की खबरों को खारिज करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया में ऐसी खबरें दिखाई गईं, लेकिन वास्तव में कोई बंद कमरे की बैठक नहीं हुई थी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मंच पर जाने से पहले सभी लोग कुछ व्यंग्यचित्रकारों के साथ एक ही जगह प्रतीक्षा कर रहे थे। कार्यक्रम का समय होने पर सभी एक साथ मंच पर पहुंचे। इस दौरान कोई अलग बैठक या राजनीतिक बातचीत नहीं हुई। फडणवीस ने कहा कि इस मुलाकात को लेकर किसी तरह का राजनीतिक अर्थ निकालने की जरूरत नहीं है।

नितेश राणे ने उद्धव ठाकरे पर ली चुटकी

बीजेपी नेता व महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के उद्धव ठाकरे को फोटोग्राफी और राज ठाकरे को कार्टून बनाने की सलाह देने वाले बयान पर कहा, “जिस व्यक्ति को जो काम आता है, उसे वही काम सही तरीके से करना चाहिए, ताकि समाज और आम लोगों को उसकी वजह से किसी तरह की परेशानी न हो। आज उद्धव ठाकरे खुद अनुभव कर रहे होंगे कि जब फोटोग्राफी करने वाला व्यक्ति राजनीति में उतरता है, तो कितनी परेशानियां होती हैं। अगर वे चुपचाप फोटोग्राफी करते रहते, तो कई अन्य समस्याएं भी पैदा नहीं होतीं और हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे की पार्टी पर भी कोई दाग नहीं लगता। इसलिए मेरा मानना है कि सीएम फडणवीस ने दोनों ठाकरे भाइयों को जो सलाह दी है, उन्हें उस पर ध्यान देना चाहिए, ताकि उनका अपना भविष्य भी उज्ज्वल हो सके।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *