नाबालिग से संबंध बनाने वाले आरोपी ने दी धमकी:बदायूं में शादी तय होने पर ‘लाशें बिछाने’ और VIDEO सार्वजनिक करने की धमकी

नाबालिग से संबंध बनाने वाले आरोपी ने दी धमकी:बदायूं में शादी तय होने पर ‘लाशें बिछाने’ और VIDEO सार्वजनिक करने की धमकी

बदायूं में पहले नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर करीब पांच साल तक संबंध बनाए। फिर खुद दूसरी युवती से शादी कर ली। अब लड़की के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय की तो आरोपी ने रिश्ता तय करने वाले परिवार को फोन कर धमका दिया- बारात आई तो लाशें बिछा दूंगा। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसके परिजनों को अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी। मामले की शिकायत लेकर चौकी पहुंची पीड़िता को पुलिस ने कार्रवाई के बजाय दोनों पक्षों में समझौते की सलाह दे दी। पुलिस के रवैये से क्षुब्ध पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की। बाद में मुख्यमंत्री को भी शिकायती पत्र भेजा है। मामला सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के एक गांव का है। गांव निवासी पीड़िता के मुताबिक आरिश उसके भाई का दोस्त था। इसी वजह से उसका घर पर आना-जाना था। आरोप है कि इसी दौरान आरिश ने उसे शादी का झांसा देकर अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। उस समय पीड़िता नाबालिग थी। इसके बाद आरोपी शादी का भरोसा देकर करीब पांच साल तक उसके साथ संबंध बनाता रहा। पीड़िता ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले आरिश ने दूसरी युवती से शादी कर ली। इसके बाद परिजनों ने उसकी शादी दूसरे युवक से तय कर दी। आरोप है कि इसकी जानकारी आरिश को हुई तो उसने रिश्ता तय करने वाले परिवार को फोन कर धमकाया। कहा कि अगर बारात लेकर आए तो लाशें बिछा देगा। इतना ही नहीं, पीड़िता के परिजनों को भी धमकाया कि उसकी अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। पीड़िता का आरोप है कि उसने मामले की शिकायत नवादा चौकी पुलिस से की, लेकिन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय दोनों पक्षों को समझौते की सलाह दी। इससे परेशान होकर वह सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची। एसएसपी के मौजूद नहीं होने पर उसने जन शिकायत प्रकोष्ठ में अपनी शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मुख्यमंत्री को भी शिकायती पत्र भेजकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *