नशे से दूर रहें, साइबर ठगी से रहें सतर्क:झज्जर पुलिस ने युवाओं को किया जागरूक,हेल्पलाइन 1933 और डायल 112 की भी दी जानकारी

नशे से दूर रहें, साइबर ठगी से रहें सतर्क:झज्जर पुलिस ने युवाओं को किया जागरूक,हेल्पलाइन 1933 और डायल 112 की भी दी जानकारी

झज्जर में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों, साइबर अपराध और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रेडक्रॉस कार्यालय झज्जर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न गांवों से पहुंचे युवाओं को झज्जर पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
पुलिस की नशा मुक्ति टीम से मुख्य सिपाही सपना और एसपीओ संजीत कुमार ने युवाओं को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में बताया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर सकारात्मक गतिविधियों और रचनात्मक कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया।
नशा छोड़ने में मददगार है मानस हेल्पलाइन 1933
पुलिस टीम ने युवाओं को मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 की जानकारी देते हुए बताया कि नशे से संबंधित समस्या होने पर इस नंबर के माध्यम से सहायता, परामर्श और उचित मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है। नशे की समस्या से जूझ रहे व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिजन भी मदद ले सकते हैं।
डायल 112 और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 का उपयोग करने के बारे में बताया गया। साथ ही साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई।
पुलिस टीम ने कहा कि अनजान लोगों के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड और अन्य निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। किसी संदिग्ध लिंक या ऑनलाइन ऑफर पर क्लिक करने से पहले उसकी पूरी तरह जांच करना जरूरी है।
पुलिस ने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं भी जागरूक रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी नशे तथा साइबर अपराध के प्रति जागरूक करें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *