गंजारी स्टेडियम का शेड्यूल तैयार, पीएम मोदी काशी को देंगे सौगात, जानें कब खेले जाएंगे मैच

गंजारी स्टेडियम का शेड्यूल तैयार, पीएम मोदी काशी को देंगे सौगात, जानें कब खेले जाएंगे मैच

Cricket Stadium in Varanasi: वाराणसी के गंजारी इलाके में तैयार हो रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब मैच के लिए तैयार हो चुका है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्टूबर में अंतिम सप्ताह में अपने संभावित दौरे के दौरान इसका उद्घाटन करेंगे। इसके बाद आधिकारिक रूप से दिसंबर में पहले घरेलू मैच खेले जाएंगे। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने स्टेडियम को कुच बिहार ट्रॉफी अंडर-19 के दो मुकाबले की मेजबानी सौंपी है। वहीं, जनवरी में डब्ल्यूपीएल के मुकाबले के लिए भी शेड्यूल जल्द ही जारी हो सकता है।

दिसंबर में होगा पहला मैच

जानकारी के मुताबिक, अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में स्टेडियम का उद्घाटन होने के बाद कुच बिहार ट्रॉफी का पहला मुकाबला दिसंबर महीने में 3 से 6 तारीख तक उत्तर प्रदेश और पुडुचेरी के बीच होगा। वहीं, दूसरा मैच 11 से 14 दिसंबर तक यूपी और छत्तीसगढ़ के बीच खेला जाएगा। इसके बाद महिला प्रीमियर लीग करने की तैयारी भी जोरों पर है। 2027 का यह लीग 14 जनवरी से शुरू होगा जो 7 फरवरी तक खेला जाएगा। वाराणसी को इस आयोजन में शामिल करने के लिए विचार हो चुका है। यदि जनवरी तक पूरी तरह स्टेडियम तैयार हो गया तो यहां डब्ल्यूपीएल के मुकाबले खेले जा सकेंगे।

इस स्टेडियम को अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से पहले एजेंसी को हैंड ओवर करना है। बीसीसीआई स्तर से मैदान, पिच और अन्य क्रिकेट सुविधाओं का निरीक्षण किए जाने के बाद यहां नियमित मुकाबले की राह खुल गई है। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अनुसार, निर्माण एजेंसी अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में स्टेडियम को हैंड ओवर करेगी। इससे पहले यहां अभ्यास मैच भी खेले जाएंगे और फ्रेंडली मैच भी आयोजित होंगे।

2023 में हुआ था शिलान्यास

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 सितंबर 2023 को इसका शिलान्यास किया था। स्टेडियम की वास्तुकला में काशी की पहचान को शामिल किया गया है। त्रिशूल के आकार की फ्लड लाइट, डमरू की आकृति वाला पवेलियन, अर्द्ध चंद्राकार छत और घाट की सीढ़ियों जैसी दर्शक दीर्घा इसकी खास पहचान बनेगी। करीब 450 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो रहे अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम की क्षमता 30 हजार लोगों के बैठने की है। स्टेडियम को डे-नाइट मुकाबले के लिए विकसित किया गया है। अभी तक वाराणसी में बड़े घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के लिए सीमित विकल्प थे, लेकिन इसके तैयार होने के बाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट आयोजनों का यह स्थाई केंद्र बन जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *