नगर आयुक्त के निरीक्षण में मिलीं विभागीय कमियां:मथुरा में लिपिक की अक्टूबर सैलरी और ऑपरेटर का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश

नगर आयुक्त के निरीक्षण में मिलीं विभागीय कमियां:मथुरा में लिपिक की अक्टूबर सैलरी और ऑपरेटर का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश

मथुरा में नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने बुधवार को भूतेश्वर स्थित नगर निगम मुख्यालय के रिकॉर्ड और टैक्स विभाग का औचक निरीक्षण किया। कमियां मिलने पर उन्होंने रिकॉर्ड विभाग के लिपिक का अक्टूबर माह का वेतन और टैक्स विभाग के कंप्यूटर ऑपरेटर का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। रिकॉर्ड विभाग में स्टॉक रजिस्टरों का रखरखाव ठीक नहीं मिला। आपूर्ति और वितरण के रिकॉर्ड में कमियां थीं और पत्रावलियां व्यवस्थित नहीं रखी गई थीं। लैपटॉप और अन्य सामग्री समय पर नहीं बांटने पर नगर आयुक्त ने संबंधित लिपिक से जवाब मांगा। उन्होंने रिकॉर्ड और रजिस्टर व्यवस्थित रखने, लंबित पत्रावलियों पर कार्रवाई करने और विभागीय काम में पारदर्शिता रखने के निर्देश दिए। टैक्स रिसीविंग बिल और उपलब्ध उपकरणों के बारे में भी जवाब मांगा। सभी निर्देशों का पालन चार नवंबर तक करने को कहा गया। टैक्स विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर मुख्य कर निर्धारण अधिकारी और कर निर्धारण अधिकारी के कक्ष के पास काम करते मिले। नगर आयुक्त ने उन्हें दूसरे कक्ष में भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय का नवीनीकरण कर व्यवस्थित करने, कर्मचारियों की मेज पर कपड़ा बिछाने, नेम प्लेट लगाने और काम का विवरण लिखने को कहा। अलमारियों, मेज-कुर्सियों को व्यवस्थित रखने और शौचालय की सफाई के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दिन नामांतरण से जुड़ी 15 अक्टूबर को मिली पत्रावली पोर्टल पर अपलोड की गई थी। इस पर नगर आयुक्त ने कहा कि कर निर्धारण और नामांतरण की पत्रावलियां संबंधित अधिकारी की मंजूरी के बाद 24 घंटे के भीतर पोर्टल पर अपलोड हों। उनकी प्रविष्टि रजिस्टर में भी दर्ज की जाए। एक कंप्यूटर ऑपरेटर काम से जुड़े सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इस पर उसका एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। टैक्स विभाग की व्यवस्थाएं दो नवंबर तक ठीक करने को कहा गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *