धौलपुर नगर परिषद के 60 वार्डों में होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस और भाजपा के बीच अब बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने भी पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी शुरू कर दी है। बसपा का टिकट पाने के लिए शुक्रवार को बड़ी संख्या में संभावित पार्षद प्रत्याशी विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी रहे रीतेश शर्मा के निवास पर पहुंचे और पार्टी पदाधिकारियों के सामने अपनी दावेदारी पेश की। टिकट के लिए दावेदारों ने पेश किया दावा बसपा के संभावित उम्मीदवारों ने अपने-अपने वार्ड में मजबूत जनाधार और जीत की संभावनाओं को लेकर पार्टी के सामने पक्ष रखा। दावेदारों ने बताया कि वे लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय लोगों के बीच उनकी पकड़ मजबूत है। टिकट की दावेदारी को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और संभावित प्रत्याशियों में खासा उत्साह नजर आया। जिताऊ और टिकाऊ उम्मीदवारों पर जोर बसपा नेता रीतेश शर्मा ने बताया कि नगर परिषद चुनाव में पार्टी पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण में ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो जिताऊ और टिकाऊ हों और अपने वार्ड में मजबूत जनाधार रखते हों। इसके साथ ही पार्टी के सक्रिय और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को भी टिकट देने में प्राथमिकता मिलेगी। सक्रियता और जनसमर्थन भी बनेगा आधार शर्मा के अनुसार उम्मीदवारों के चयन के दौरान उनकी क्षेत्र में सक्रियता, जनसमर्थन और संगठन के प्रति निष्ठा जैसे पहलुओं को विशेष रूप से देखा जाएगा। पार्टी का प्रयास ऐसे प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारना है, जो अपने वार्ड में प्रभावी मुकाबला करने के साथ संगठन को भी मजबूत कर सकें। बसपा की एंट्री से मुकाबला होगा रोचक कांग्रेस और भाजपा की चुनावी तैयारियों के बीच बसपा के भी मैदान में उतरने से नगर परिषद चुनाव का मुकाबला और दिलचस्प होने के आसार हैं। 60 वार्डों में टिकट के लिए दावेदारों की सक्रियता ने स्थानीय राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। अब सभी की नजरें प्रमुख दलों की ओर हैं। उम्मीदवारों की घोषणा के बाद वार्डवार चुनावी समीकरण और तस्वीर काफी हद तक साफ होने की उम्मीद है।

