छत्तीसगढ़ के धमतरी में दहीहंडी उत्सव के आयोजन को लेकर नगर निगम में देर शाम हंगामा हो गया। श्रीराम हिंदू संगठन का दावा है कि वह पिछले 12 साल से घड़ी चौक पर दहीहंडी उत्सव कराता आ रहा है। संगठन ने उसी जगह नगर निगम की ओर से आयोजन के पोस्टर लगाए जाने का विरोध किया है। हर साल की तरह इस बार भी घड़ी चौक पर दहीहंडी उत्सव की तैयारी चल रही है। श्रीराम हिंदू संगठन आयोजन को लेकर तैयारियों में जुटा है। इसी बीच नगर निगम ने भी इसी जगह दहीहंडी उत्सव कराने के पोस्टर जारी कर दिए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। संगठन बोला- निगम श्रेय लेने की कोशिश कर रहा श्रीराम हिंदू संगठन का आरोप है कि नगर निगम उनके कार्यक्रम का श्रेय लेने के लिए एक ही स्थान पर आयोजन करने का प्रयास कर रहा है। संगठन का दावा है कि वे पिछले 12 वर्षों से घड़ी चौक पर यह कार्यक्रम आयोजित करते आ रहे हैं। श्रीराम हिंदू संगठन के प्रतीक सोनी और प्रवीण साहू ने बताया कि वे 12 वर्षों से घड़ी चौक पर दहीहंडी उत्सव का आयोजन कर रहे हैं और इस साल भी इसे धूमधाम से मनाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम के पास आयोजन के लिए अन्य स्थान भी उपलब्ध हैं। सोनी और साहू के अनुसार, श्रीराम हिंदू संगठन के सदस्यों को नगर निगम में एक बैठक के लिए बुलाया गया था। सभा हॉल में आधे घंटे इंतजार के बाद आयुक्त ने उन्हें नीचे बुलाया और केवल पांच लोगों को अपने चैंबर में आने को कहा। इस पर विवाद बढ़ गया और संगठन के सदस्यों ने नगर निगम में नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। वर्तमान में, श्रीराम हिंदू संगठन के सदस्य नगर निगम आयुक्त के चैंबर के बाहर बैठकर विरोध जता रहे हैं। उनकी मांग है कि वे घड़ी चौक पर ही दहीहंडी का आयोजन करेंगे, जो उनका 13वां भव्य आयोजन होगा। संगठन ने सुझाव दिया है कि नगर निगम अपना आयोजन किसी अन्य स्थान पर कर सकता है।

